सर्वाइकल कैंसर का पता लगाने वाले टेस्ट
- फोटो : Adobe stock
सर्वाइकल कैंसर के निदान वाले टेस्ट बहुत महंगे
सर्वाइकल कैंसर का पता लगाने के लिए अब तक पैप या एचपीवी टेस्ट तथा असामान्य परिणाम मिलने पर कोल्पोस्कोपी या बायोप्सी जैसे टेस्ट कराने की सलाह दी जाती रही है। हालांकि कि टायर-3 वाले शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में इसकी उपलब्धता कम होने के कारण लोगों में समय पर कैंसर का पता नहीं चल पाता था।
पैप टेस्ट के लिए अस्पताल में जाना पड़ता है और इसमें प्राइवेट पार्ट्स के सैंपल भी लिए जाते हैं। ये टेस्ट न केवल महंगे होते हैं बल्कि इसकी पहुंच भी अभी लोगों तक काफी कम है।
नई तकनीक में खून के सैंपल से ही जांच के माध्यम से पता किया जा सकेगा कि कहीं आपको कैंसर तो नहीं है?
खून के सैंपल से सर्वाइकल कैंसर की जांच
- फोटो : Freepik.com
एम्स के विशेषज्ञों ने किया अध्ययन
एम्स के विशेषज्ञों ने बताया, अध्ययन के दौरान पाया गया है कि हमारे खून में ऐसे सेल्स फ्री (सीएफ) डीएनए मौजूद होते हैं, जिसका बढ़ना सर्वाइकल कैंसर का कारक हो सकता है।
एम्स के आइआरसीएच के मेडिकल लैब ऑन्कोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ डा मयंक सिंह का कहना है कि मरीज के खून का सैंपल लेकर लैब में ड्रापलेट डिजिटल पीसीआर (डीडीपीसीआर) जांच करके उन सेल्स फ्री डीएनए की पहचान और इस कैंसर का पता लगाने में मदद मिल सकती है।
महिलाओं में कैंसर के बढ़ते मामले
- फोटो : Freepik.com
अध्ययन में क्या पता चला?
इस अध्ययन के लिए कैंसर से पीड़ित 35 और 10 स्वस्थ महिलाओं को शामिल किया गया। टेस्ट के लिए इनके ब्लड सैंपल एकत्रित किए गए। कैंसर से पीड़ित महिलाओं में सीएफ डीएनए का स्तर अधिक था, वहीं जिन्हें कैंसर नहीं था उनमें इसका स्तर कम पाया गया। कैंसर के इलाज के बाद फिर किए गए टेस्ट में सीएफ डीएनए का स्तर कम हो गया। इस आधार पर वैज्ञानिकों ने माना कि यह सर्वाइकल कैंसर के इलाज में अहम मार्कर हो सकता है।
अध्ययन का ये सैंपल काफी छोटा है, इसलिए इसके विस्तृत जांच के लिए विशेषज्ञों की टीम आगे शोध कर रही है।
कैंसर के लक्षणों पर ध्यान देते रहना जरूरी
- फोटो : Freepik.com
लक्षणों पर ध्यान देते रहना भी जरूरी
इस टेस्ट के अलावा सभी महिलाओं को सर्वाइल कैंसर के लक्षणों पर भी निरंतर ध्यान देते रहने की भी सलाह दी जाती है।
आमतौर पर शुरुआती स्तर पर सर्वाइकल कैंसर में कोई भी लक्षण नहीं नजर आते हैं लेकिन जैसे-जैसे यह बढ़ता है, इसके सामान्य लक्षणों में योनि से असामान्य रक्तस्राव, योनि स्राव में परिवर्तन तथा संभोग के दौरान तेज दर्द होने जैसी कई दिक्कतें हो सकती हैं। जिन लोगों के परिवार में पहले से किसी को कैंसर रहा हो उन्हें विशेष सावधानी बरतते रहने की सलाह दी जाती है।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए वैक्सीनेशन कराना सबसे कारगर तरीका माना जाता है।
-------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।