फिल्म दंगल में महावीर फोगट के लिए अपना वजन खतरनाक स्तर तक बढ़ाने वाले आमिर खान ने मोटापे को लेकर युवाओं से सतर्कता बरतने को कहा है। मोटापे को लेकर मुंबई में हुए एक कार्यक्रम में शामिल हुए आमिर खान ने कहा, ‘जो चीज मुझे 40-45 साल की उम्र में समझ आई वह मैं नई पीढ़ी को 18 साल की उम्र ही सिखाना चाहता हूं। अपने बच्चों को भी मैं हमेशा इसके लिए सजग रहने को कहता हूं लेकिन बच्चे समझते नहीं हैं।
आमिर खान यूनीसेफ की तरफ से कुपोषण के खिलाफ चले अभियान के ब्रांड अंबेसडर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये बहुत अजीब बात है कि एक तरफ तो हमें कुपोषण का सामना करना पड़ता है दूसरी तरफ ऐसे भी लोग हैं जो मोटापे से परेशान है। यही जीवन का असली सच है। जिस तरह हम बच्चों को कुपोषण से बचाने की कोशिशें करते हैं, वैसे ही हमें ये भी कोशिश करनी है कि कोई बच्चा मोटापे से परेशान न हो। आमिर के मुताबिक मोटापा कम करने के लिए ऑपरेशन आखिरी इलाज होना चाहिए और कोशिश यही करनी चाहिए कि अपने खाने पर नियंत्रण करके मोटापे को दूर किया जाए क्योंकि यह तमाम बीमारियों की जड़ है।
इस मौके पर आमिर ने अपने पहले डायटीशियन एक्सपर्ट विनोद धुरंधर को भी याद किया और बताया कि उनकी सलाह के बाद से ही अब वह उतना ही खाते हैं जितनी कैलोरीज की जरूरत उनके शरीर को है। आमिर ने इस मौके पर ताजा खाने, सही खाने और संतुलित मात्रा में खाने के भी गुण बताए।