राम ने क्यों चुना अयोध्या से रामेश्वरम का ही मार्ग?
कार्यक्रम के दौरान शिप्रा पाठक ने राम-जानकी वन गमन के पथ को लेकर भी लोगों का ध्यान आकृष्ट किया। एक बड़ा सवाल ये कि राम ने इस यात्रा के लिए गोवा, हिमाचल, खंडाला जैसे रास्तों का चयन क्यों नहीं किया? कितने तो सुंदर-सुदर रास्ते हैं। उन्होंने अयोध्या से रामेश्वरम का ही मार्ग क्यों चुना?
शिप्रा पाठक कहती हैं, इस यात्रा को समझने के दौरान मुझे पता चला कि सारी महत्वपूर्ण नदियां जैसे- सरयू, गंगा, यमुना, सरस्वती, मंदाकिनी, नर्मदा, कृष्ण इसी रास्ते में पड़ती हैं। इस मार्ग के चयन के पीछे राम का भाव ये हो सकता था, वो ये संदेश देना चाहते थे कि नदियां रहेंगी तो हम रहेंगे। हमें ही इसकी रक्षा करनी होगी।
पर्वतों की परिक्रमा कर राम ने दिया संदेश
राम जब चित्रकूट में रहे तो कामनानाथ पर्वत की परिक्रमा की। अब सवाल ये है कि विष्णु के अवतार को प्रतिदिन पर्वत की परिक्रमा की आवश्यकता क्या थी? इसका जवाब ये है कि राम संदेश देना चाहते थे कि ये बस परिक्रमा नहीं है, राम मानवजाति को बता रहे थे कि इन सभी पर्वतों को बांधे रखना है। ऐसा ही श्रीकृष्ण ने जब गोवर्धन उठाया तो इसके पीछे भी यही संदेश था कि ये पर्वत हमारे रक्षक हैं, हमें भी इनकी रक्षा करनी चाहिए।
राम चेतना हैं, इसे हृदय में उतारिए
शिप्रा पाठक कहती हैं, राम-जानकी सिर्फ मानव मात्र नहीं थे, वे तत्व हैं, चेतना हैं। इसे हम जितना इस तत्व को धारण करेंगे उतनी चेतना का विकास होता रहेगा। ये मंदिर बनाने तक सीमित नहीं है, राम चेतना को हमें हृदय में समाहित करना होगा ताकि हम बेहतर बन सकें।