मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग 21 दिसंबर, 2020 को 571 पदों के लिए प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट जारी कर विवादों में घिर गया था। खैर, आयोग इस साल सबसे पहले मार्च में उप जिला कलेक्टर और पुलिस उपाधीक्षक जैसे पदों के लिए मुख्य परीक्षा कराने की तैयारी में हैं। उसके बाद अप्रैल में 235 पदों के लिए प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। आयोग के कैलेंडर के मुताबिक मार्च से दिसंबर 2021 तक प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के बाद अंतिम चयन भी कर लिया जाएगा।
जनवरी, 2020 के बाद से एक भी भर्ती परीक्षा नहीं हुई
उल्लेखनीय है कि 2020 के अंत में राज्य सेवा परीक्षा की अधिसूचना जारी किए जाने से बीता साल पीएससी का जीरो ईयर होने से बच गया हो, लेकिन 12 जनवरी, 2020 के बाद से आयोग एक भी भर्ती परीक्षा नहीं ले पाया है। इतना ही नहीं, किसी परीक्षा के बाद होने वाली अंतिम चयन की प्रक्रिया भी नहीं हो पाई थी। फिलहाल, आयोग ने 12 परीक्षाओं का शेड्यूल तय किया है।