प्रदेश के सरकारी एवं निजी बीटीसी कॉलेजों में प्रवेश के लिए शासन की ओर से प्रवेश परीक्षा कराने की तैयारी है। प्रदेश सरकार निजी बीटीसी कॉलेजों में प्रवेश के लिए उपयुक्त अभ्यर्थी नहीं मिलने से परेशान है।
शासन के सचिव बेसिक शिक्षा ने राज्य शैक्षिक अनुसंधान परिषद (एससीईआरटी) के निदेशक को पत्र भेजकर उनसे अगले शैक्षिक सत्र से बीटीसी के लिए प्रवेश परीक्षा कराए जाने का सुझाव दिया है। एससीईआरटी निदेशक ने सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी से प्रवेश परीक्षा के बारे में उनकी राय मांगी है।
सरकार का कहना है कि प्रदेश के निजी बीटीसी कॉलेजों में प्रवेश के लिए जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) की ओर से पर्याप्त संख्या में अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं।
बीएड की तर्ज पर प्रवेश परीक्षा कराने का सुझाव
सरकार का यह निर्णय निजी बीटीसी कॉलेज प्रबंधन के दबाव में लिया गया दिखाई पड़ रहा है। निजी बीटीसी कॉलेजों को प्रवेश के लिए अभ्यर्थी उपलब्ध कराने के लिए शासन ने बीएड एवं यूपीटीयू की तर्ज पर प्रवेश परीक्षा कराने का सुझाव दिया है।
सचिव बेसिक शिक्षा एचएल गुप्ता की ओर से निदेशक को सुझाव दिया गया है कि प्रवेश परीक्षा के बाद काउंसलिंग के जरिए प्रवेश होने पर निजी बीटीसी कॉलेजों को पर्याप्त संख्या में छात्रों का आवंटन किया जा सकेगा।
सचिव बेसिक शिक्षा ने निर्देश दिया है कि इस व्यवस्था को लागू करने में कहीं कठिनाई हो तो डायट में तैनात अधिकारियों को निर्देश दिया जाए कि निजी क्षेत्र की संस्थाओं की शत प्रतिशत सीटें भरी जाएं, इस दिशा में कोई बाधा होने की स्थिति में अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। शासन ने इस संबंध में निदेशक से सप्ताह भर में दिशा निर्देश मांगा है।
बीटीसी की सेमेस्टर परीक्षाएं 21 जुलाई से
सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी नीना श्रीवास्तव ने बीटीसी 2013 बैच, सेवारत उर्दू (मृतक आश्रित) बीटीसी परीक्षा वर्ष 2015 पहले एवं दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षा नियामक की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि दूसरे सेमेस्टर की पहले एवं दूसरे प्रश्नपत्र की परीक्षा 21 जुलाई को 10 से 12 बजे और दो से चार बजे के बीच होगी।
तीसरे और चौथे प्रश्नपत्र की परीक्षा 22 जुलाई को 10 से 11 बजे और दो से तीन बजे के बीच होगी। पांचवें एवं छठे प्रश्नपत्र की परीक्षा 23 जुलाई को 10 से 12 बजे और दो से तीन बजे के बीच होगी। सातवें एवं आठवें प्रश्नपत्र की परीक्षा 24 जुलाई को 10 से 11 बजे और दो तीन बजे के बीच होगी।
दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा पूरी होने के बाद परीक्षा नियामक की ओर से पहले सेमेस्टर की परीक्षा शुरू होगी। पहले सेमेस्टर की प्रथम एवं द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा 25 जुलाई को 10 से 12 बजे और दो से चार बजे के बीच होगी।
तीसरे और चौथे प्रश्नपत्र की परीक्षा 28 जुलाई को 10 से 11 बजे और दो से तीन बजे के बीच होगी। पांचवे और छठे प्रश्नपत्र की परीक्षा 29 जुलाई को 10 से 12 बजे और दो से तीन बजे के बीच होगी। सातवें और आठवें प्रश्नपत्र की परीक्षा 30 जुलाई को 10 से 11 बजे और दो से तीन बजे के बीच होगी।
स्नातक परीक्षा में 50 फीसदी से कम अंक और परास्नातक में 50 फीसदी अंक वाले अभ्यर्थी अब बीटीसी में प्रवेश परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। परीक्षा नियामक की ओर से स्नातक में 50 फीसदी से कम अंक वाले अभ्यर्थियों को पीजी में 50 फीसदी अंक पाने वालों को सुवधि प्रदान की है। परीक्षा नियामक ने एनटीटी को टीईटी से बाहर करने के बाद इसे बंद करने का फैसला किया है।