Agentic AI: आज की तकनीकी दुनिया में तकनीक न केवल हमारी जिंदगी को आसान बना रही है, बल्कि फैसले लेने में भी हमारी मदद कर रही है। ऐसा ही एक बदलाव है एजेंटिक एआई। यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का वह स्तर है, जहां तकनीक का काम केवल आपके सवालों का जवाब देना नहीं होता, बल्कि यह आपकी तरफ से ई-मेल भेजने, मीटिंग तय करने, कैब बुक करने या सेल्स कॉल करने जैसे रोजमर्रा के काम भी करती है।
एजेंटिक एआई स्वतंत्र रूप से निर्णय लेने और न्यूनतम मानवीय हस्तक्षेपों के साथ लक्ष्य प्राप्त करने के लिए काम करते हैं। वर्तमान में शिक्षा, स्वास्थ्य और बैंकिंग जैसे क्षेत्रों में एजेंटिक एआई जटिल से जटिल कामों को भी स्वचालित बना रहे हैं। ऐसे में, आने वाले समय में इंडस्ट्री को ऐसे युवाओं की जरूरत होगी, जो न सिर्फ एजेंटिक एआई को डिजाइन कर सकें, बल्कि उसे बेहतर तरीके से इस्तेमाल करना भी जानते हों। सबसे खास बात यह है कि यह सिर्फ इंजीनियरिंग के छात्रों तक सीमित नहीं है, तकनीक को जानने और समझने में रुचि रखने वाला कोई भी छात्र इसका कौशल सीख सकता है।
कौशल भी जरूरी हैं
एजेंटिक एआई में करिअर बनाने के लिए कुछ खास तकनीकी कौशल सीखने की जरूरत होती है। सबसे पहले पायथन जैसी प्रोग्रामिंग भाषा सीखनी चाहिए, जिससे ऑटोमेशन और एआई एजेंट्स का विकास किया जा सके। इसके साथ ही एपीआई इंटीग्रेशन की समझ विकसित करनी होगी। इससे एजेंट्स को अन्य एप्स और सिस्टम्स से जोड़ने में मदद मिलती है। बड़े भाषाई मॉडल (एलएलएम) जैसे ओपनएआई, हगिंगफेस या लैंगचेन का प्रयोग करना आना चाहिए, ताकि एजेंट्स को बुद्धिमत्ता से काम करने के लिए प्रशिक्षित किया जा सके। इसके अलावा, जैपियर या मेक डॉट कॉम जैसे वर्कपलो ऑटोमेशन टूल्स की जानकारी भी जरूरी है, ताकि बार-बार दोहराए जाने वाले कार्यों को एजेंट्स खुद से कर सकें।
कहां से सीखें
आप एआईसीटीई और नैसकॉम के स्किल डेवलपमेंट प्लेटफॉर्म, कोर्सेरा व उडेमी जैसे प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध ऑनलाइन कोर्सेज की मदद से ये कौशल सीखे जा सकते हैं। इसके अलावा आईआईटी जैसे संस्थानों में बोधगम्यता से एआई आधारित सर्टिफिकेशन प्रोग्राम का संचालन किया जाता है। स्टार्टअप हैकथॉन और एआईसीटी-आईआईटी दिल्ली, भाषिणी फेलोशिप भी एजेंटिक एआई से जुड़े कौशल सीखने में मददगार हैं।
यहां मिलेंगे अवसर
एजेंटिक एआई की बारीकियां सीखकर एआई एजेंट डिजाइनर, प्रॉम्प्ट इंजीनियर, एआई ट्रेनर और एंटरप्राइज एआई सलाहकार जैसे पदों पर काम करने के बेहतरीन अवसर मिलते हैं।