फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

NTA Recruitment 2026: एनटीए ने निकाली प्रतिनियुक्ति पर ग्रुप-A और B की भर्ती, 2.09 लाख रुपये तक होगी सैलरी

Thu, 16 Jul 2026 04:39 PM IST
Akash Kumar जॉब्स डेस्क, अमर उजाला

सार

NTA Recruitment 2026: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने प्रतिनियुक्ति आधार पर ग्रुप ए और बी पदों पर भर्ती निकाली है। जॉइंट डायरेक्टर, डिप्टी डायरेक्टर और रिसर्च साइंटिस्ट समेत कई पदों पर आवेदन 7 अगस्त 2026 शाम 5 बजे तक किए जा सकते हैं। चयन इंटरव्यू के आधार पर होगा।
 
विज्ञापन
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

NTA Group A & B Recruitment 2026: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने विभिन्न ग्रुप ए और ग्रुप बी पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह भर्ती प्रतिनियुक्ति (Deputation) या फॉरेन सर्विस टर्म्स के आधार पर की जाएगी। इच्छुक और पात्र अधिकारी 7 अगस्त 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के अनुसार वेतन और अन्य भत्तों का लाभ मिलेगा। खास बात यह है कि इन पदों पर अधिकतम वेतन 2.09 लाख रुपये प्रति माह तक है।

विज्ञापन

किन पदों पर होगी भर्ती?

इस भर्ती अभियान के तहत कुल 9 पदों को भरा जाएगा। रिक्तियों का विवरण इस प्रकार है:
  • 3 पद जॉइंट डायरेक्टर
  • 1 पद रिसर्च साइंटिस्ट 'सी'
  • 2 पद डिप्टी डायरेक्टर
  • 2 पद असिस्टेंट डायरेक्टर
  • 1 पद सीनियर सुपरिंटेंडेंट/सीनियर सुपरिंटेंडेंट (अकाउंट्स)

भर्ती प्रतिनियुक्ति के आधार पर होगी और शुरुआती नियुक्ति अवधि तीन वर्ष की होगी। हालांकि आवश्यकता के अनुसार पदों की संख्या बढ़ाई या घटाई जा सकती है।

किस पद पर कितनी सैलरी मिलेगी?

  • जॉइंट डायरेक्टर और रिसर्च साइंटिस्ट 'सी' पद के लिए वेतन स्तर-12 निर्धारित किया गया है, जिसके तहत 78,800 रुपये से 2,09,200 रुपये तक वेतन मिलेगा।
  • डिप्टी डायरेक्टर पद के लिए वेतन स्तर-11 के तहत 67,700 रुपये से 2,08,700 रुपये तक सैलरी दी जाएगी।
  • असिस्टेंट डायरेक्टर पद पर चयनित उम्मीदवारों को लेवल-10 के अनुसार 56,100 रुपये से 1,77,500 रुपये तक वेतन मिलेगा।
  • सीनियर सुपरिंटेंडेंट या सीनियर सुपरिंटेंडेंट (अकाउंट्स) पद के लिए वेतन स्तर-7 के तहत 44,900 रुपये से 1,42,400 रुपये तक वेतन निर्धारित किया गया है।

कौन कर सकता है आवेदन?

यह भर्ती सामान्य अभ्यर्थियों या फ्रेशर्स के लिए नहीं है। केवल अखिल भारतीय सेवाओं, केंद्र सरकार, राज्य सरकार, केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन, स्वायत्त संस्थानों, सांविधिक निकायों और सार्वजनिक उपक्रमों (PSUs) में कार्यरत पात्र अधिकारी ही आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की अधिकतम आयु आवेदन की अंतिम तिथि तक 56 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।

पद के अनुसार शैक्षणिक योग्यता

जॉइंट डायरेक्टर, डिप्टी डायरेक्टर और असिस्टेंट डायरेक्टर पदों के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री आवश्यक है। हालांकि संबंधित प्रशासनिक या परीक्षा प्रबंधन कार्य का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।

रिसर्च साइंटिस्ट 'सी' पद के लिए संबंधित विषय में कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ परास्नातक और पीएचडी की डिग्री आवश्यक है। इसके साथ ही मूल्यांकन, साइकोमेट्रिक्स या परीक्षा प्रणाली से जुड़े क्षेत्र में अनुभव भी जरूरी है।

सीनियर सुपरिंटेंडेंट (अकाउंट्स) पद के लिए स्नातक डिग्री के साथ कार्यालय कार्य और कंप्यूटर अनुप्रयोगों की जानकारी होना अनिवार्य है। लेखा, ऑडिट या प्रशासनिक कार्य का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को वरीयता दी जाएगी।

पात्रता मानदंड से संबंधित अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक अधिसूचना जरूर पढ़ें।

कैसे होगा चयन?

एनटीए ने इस भर्ती के लिए किसी लिखित परीक्षा का प्रावधान नहीं किया है। प्राप्त आवेदनों की जांच और स्क्रीनिंग के बाद योग्य उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।

अंतिम चयन इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा। एनटीए को जरूरत पड़ने पर स्क्रीनिंग के लिए अतिरिक्त मानदंड तय करने का अधिकार भी होगा।

आवेदन कैसे करना होगा?

उम्मीदवारों को आवेदन पत्र एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड करना होगा। आवेदन संबंधित विभाग या पैरेंट ऑर्गनाइजेशन के माध्यम से उचित चैनल (Proper Channel) से भेजना अनिवार्य होगा।

भरे हुए आवेदन पत्र और जरूरी दस्तावेजों को डाक के माध्यम से निम्न पते पर भेजना होगा:

The Director (Administration),
National Testing Agency,
First Floor, MDBP Building,
Okhla Industrial Estate,
New Delhi - 110020


इसके अलावा आवेदन की एक प्रति ईमेल के माध्यम से भी भेजनी होगी। आवेदन के साथ शैक्षणिक प्रमाणपत्र, अनुभव प्रमाणपत्र, सतर्कता एवं प्रशासनिक क्लियरेंस प्रमाणपत्र, एनओसी, पिछले पांच वर्षों की एपीएआर रिपोर्ट तथा इंटीग्रिटी सर्टिफिकेट संलग्न करना होगा।
विज्ञापन

7 अगस्त है आवेदन की अंतिम तारीख

इच्छुक और पात्र उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन प्रक्रिया समय रहते पूरी कर लें। अधूरे आवेदन, निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन या उचित माध्यम से नहीं भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। एनटीए ने स्पष्ट किया है कि पात्रता और चयन से जुड़े मामलों में उसका निर्णय अंतिम होगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें