माहौल को समझें
पुरानी कार्य संस्कृतियां अनुभव, रीति-रिवाज और अनौपचारिक नियमों से बनती हैं। ये स्थिरता और वफादारी देती हैं, लेकिन बदलाव लाने वालों के लिए बाधा भी बन सकती हैं। नए अधिकारी अक्सर इसे समझे बिना संघर्ष करते हैं। अगर आप संगठन में नए हो, तो सबसे पहले यह अवलोकन करें कि निर्णय कैसे होते हैं, किसका प्रभाव है, लोग कैसे बातचीत करते हैं, कौन नए विचार स्वीकार करता है, किन रीति-रिवाजों की अहमियत है। सामान्य बातचीत से समझें कि किसके पास अनौपचारिक शक्ति है और किसकी क्या स्थिति है।
अपनी बात रखना सीखें
संस्कृति को समझ लेने के बाद अगली चुनौती यह होती है कि अपनी बात कैसे रखें। याद रखें, आपको आपकी विशेषज्ञता के लिए चुना गया है, इसलिए आपकी राय अहम है। लेकिन शुरुआत में इतनी जल्दी बदलाव की बात न करें। बाहरी व्यक्ति होने का फायदा यह है कि आप उन समस्याओं या कमियों को देख पाते हैं, जो अंदर के लोगों को अब दिखाई नहीं देतीं। बेहतर होगा कि आप जो देख रहे हैं, उसे सवाल या विचार के रूप में साझा करें। बातचीत में समाधान बताने के बजाय पैटर्न की ओर इशारा करें, संगठन के इतिहास का सम्मान करें। दूसरी संस्थाओं से तुलना करने से बचें। अपनी बात को संस्था के लक्ष्य और रणनीति से जोड़कर रखें।