बदलाव लाने वाली टीम
एक सफल लीडर केवल जाने-पहचाने नामों पर भरोसा नहीं करता। वह सोच-समझकर ऐसी टीम बनाता है, जिसमें विविध दृष्टिकोण हों और भविष्य की चुनौतियों से निपटने की क्षमता भी। इसलिए खुद से पूछें कि क्या मेरी टीम में ऐसे लोग हैं, जो बदलाव ला सकते हैं और संगठन को नई दिशा देने में मेरी मदद कर सकते हैं। स्वयं से यह सवाल पूछना भी बेहद जरूरी है कि क्या मेरी टीम में ऐसे पेशेवर हैं, जो पुरानी सोच या परंपरागत तरीकों को चुनौती देने का साहस रखते हैं?
सही समय पर सही कदम
नेतृत्व का मतलब केवल निर्णय लेना नहीं, बल्कि मजबूत रिश्ते बनाना भी होता है। पता लगाएं कि संगठन के सबसे अहम हितधारक कौन हैं और क्या वे वास्तव में कंपनी की प्राथमिकताओं को समझते हैं? इसके अलावा, हर संगठन में कुछ ऐसे लोग होते हैं, जिनके ऊपर कार्य-संस्कृति को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी होती है। एक समझदार लीडर इन संस्कृति वाहकों को पहचानता है और उनके सुझावों को समय रहते अपने निर्णयों में शामिल करके संगठन को मजबूत बनाता है।
रणनीति बनाने से पहले सोचें
हर नया लीडर एक ही सवाल से घिरा होता है कि उसकी रणनीति क्या है? इस वजह से कभी-कभी वे भटकाव महसूस करने लगते हैं। ऐसा करने से बचें, क्योंकि एक अच्छा पेशेवर कोई भी रणनीति बनाने से पहले सही दिशा में सवाल उठाता है। ऐसे में लंबी-लंबी योजनाएं बनाने से बेहतर है कि यह सोचें कि आप वर्तमान में या आगामी कुछ दिनों में अपनी टीम के साथ मिलकर ऐसे कौन-से कदम उठा सकते हैं, जिनका तुरंत असर दिखे और बेहतर दीर्घकालिक परिणाम भी मिले? साथ ही, पहचान करें कि किन बड़े रणनीतिक प्रश्नों या समस्याओं का समाधान सबसे पहले किया जाना चाहिए?
ऊर्जा व प्रेरणा बनाए रखें
शुरुआत में अक्सर समस्याओं का बोझ इतना होता है कि हो सकता है आप अपनी दिशा खो दें। ऐसे वक्त के लिए कुछ भरोसेमंद सलाहकारों का होना बेहद जरूरी है, जो न सिर्फ आपसे सच कह सकें, बल्कि रास्ते से भटकने पर आपको सही राह भी दिखाएं। इससे आपको अपनी ऊर्जा और प्रेरणा बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।