UPPSC Ro Aro 2016 Exam -उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने तीन साल पहले हुई समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ)-2016 की प्रारंभिक परीक्षा निरस्त कर दी है। पेपर आउट होने के विवाद में तीन वर्षों से प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम फंसा हुआ था। आयोग ने पुनर्परीक्षा कराने का निर्णय लिया है, जो इस साल तीन मई को आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में सिर्फ पुराने अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे। इसके लिए न तो कोई विज्ञापन जारी किया जाएगा और न ही कोई आवेदन लिया जाएगा।
मामला न्यायालय में चल रहा है और अब तक अंतिम रूप से इसका निस्तारण नहीं हो सका है। ऐसे में आयोग ने परीक्षा निरस्त करने का निर्णय लिया है। परीक्षा नियंत्रक अरविंद कुमार मिश्र के अनुसार आरओ/एआरओ-2016 की परीक्षा के लिए पंजीकृत अभ्यर्थियों को पुनर्परीक्षा में शामिल होने की अनुमति होगी। इसके लिए अलग से कोई विज्ञापन जारी नहीं किया जाएगा।