बोर्ड की ओर से जारी 3 मुख्य निर्देश
- आवेदन के समय स्नातक की मार्कशीट अपलोड करना अनिवार्य है।
- यदि स्नातक डिग्री उपलब्ध नहीं है तो प्रोविजनल डिग्री अपलोड करनी होगी।
- डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और शारीरिक मानक परीक्षा में ऑरिजनल स्नातक डिग्री और मार्कशीट दिखाना अनिवार्य होगा।
आवेदन धीमे क्यों पड़ रहे थे?
भर्ती बोर्ड के अनुसार, 21 अगस्त तक दरोगा और समकक्ष पदों पर करीब 75 हजार आवेदन आए थे, जबकि अनुमानित संख्या 20 लाख से अधिक है। धीमी गति का बड़ा कारण यह था कि कई अभ्यर्थियों के पास ऑरिजनल डिग्री उपलब्ध नहीं थी और वे यूनिवर्सिटी से डिग्री निकलवाने में जुटे थे। अब बोर्ड के इस नए फैसले से अभ्यर्थियों की दुविधा खत्म हो गई है।
यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड ने बताया कि वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) प्रक्रिया के तहत अब तक 8.50 लाख से अधिक युवाओं ने पंजीकरण करा लिया है। ऐसे में उम्मीद है कि आवेदन की रफ्तार अब तेजी से बढ़ेगी।
11 सितंबर से पहले करें आवेदन
यूपी पुलिस दारोगा भर्ती 2025 के लिए इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी apply.upprpb.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 11 सितंबर तय की गई है। आवेदन से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) कराना अनिवार्य है। इस भर्ती में कुल 4543 पदों पर नियुक्तियां होंगी, जिनमें 4242 सब इंस्पेक्टर, 135 पीएसी प्लाटून कमांडर, विशेष सुरक्षा बल में 60 प्लाटून कमांडर और बंदायू, लखनऊ व गोरखपुर की महिला पीएसी वाहिनियों में 106 महिला प्लाटून कमांडर शामिल हैं।
400 अंकों की होगी लिखित परीक्षा
लिखित परीक्षा ओएमआर शीट पर होगी, जो 400 अंकों की होगी। इसमें 160 प्रश्न होंगे और समय सीमा 2 घंटे की होगी। प्रश्नपत्र चार सेक्शनों में बंटा होगा – सामान्य हिंदी, मूलविधि/संविधान/सामान्य ज्ञान, संख्यात्मक व मानसिक योग्यता, तथा मानसिक अभिरुचि/बुद्धिलब्धि/तार्किक परीक्षा। प्रत्येक सेक्शन 100 अंकों का होगा और सभी में 40-40 प्रश्न पूछे जाएंगे। पात्रता के लिए प्रत्येक विषय में न्यूनतम 35% अंक और कुल मिलाकर 50% अंक आवश्यक होंगे।
आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों की लाइव फोटो ली जाएगी। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक मानक परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षा शामिल होंगी।