कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने सीएपीएफ, एसएसएफ में कांस्टेबल (जीडी), असम राइफल्स में राइफलमैन (जीडी) और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो में कांस्टेबल (जीडी) परीक्षा 2025 के लिए कंप्यूटर बेस्ड परीक्षा का रिजल्ट 17 जून 2025 को घोषित कर दिया था। अब आयोग ने इस परीक्षा से संबंधित फाइनल आंसर-की, क्वेश्चन पेपर समेत रिस्पॉन्स शीट और प्राप्तांक (Marks) भी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं। उम्मीदवार अपना रोल नंबर और पासवर्ड डालकर लॉग इन कर सकते हैं। यह सुविधा उम्मीदवारों के लिए 26 जून 2025 (शाम 5:00 बजे) से लेकर 10 जुलाई 2025 (शाम 5:00 बजे) तक उपलब्ध रहेगी।
इसके अलावा, कंप्यूटर आधारित परीक्षा में सम्मिलित हुए सभी उम्मीदवारों के अंक (मार्क्स) भी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://ssc.gov.in पर 26 जून 2025 (शाम 5:00 बजे) से 10 जुलाई 2025 (शाम 5:00 बजे) तक उपलब्ध हैं। उम्मीदवार अपना रजिस्टर्ड आईडी और पासवर्ड इस्तेमाल कर लॉग इन करके अपने अंक देख सकते हैं।
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे इस अवधि के भीतर अपनी फाइनल आंसर की, प्रश्न पत्र-सह-रिस्पॉन्स शीट और स्कोरकार्ड का प्रिंटआउट निकाल लें, क्योंकि उपरोक्त समय सीमा के बाद यह सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
3,91,599 ने पास की थी परीक्षा
परिणाम नोटिस के अनुसार, कुल 40,047 महिला उम्मीदवारों को इस परीक्षा में सफल घोषित किया गया है। वहीं, 3,51,552 पुरुष उम्मीदवारों को भर्ती प्रक्रिया के अगले दौर के लिए योग्य घोषित किया गया है। इस प्रकार कुल 3,91,599 अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा को पास किया है। भर्ती परीक्षा में कुल 25,21,839 अभ्यर्थी शामिल हुए थे।
सफल उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) और शारीरिक मापतौल परीक्षा (पीएसटी) के बुलाया जाएगा। जो पीईटी पीएसटी में पास होंगे उन्हें मेडिकल और दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा। लिखित परीक्षा में प्राप्ताकों के आधार पर फाइनल मेरिट लिस्ट बनेगी।
SSC GD Constable Vacancy: रिक्तियों की संख्या
इस भर्ती अभियान के माध्यम केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) और एसएसएफ में कांस्टेबल (जीडी), असम राइफल्स में राइफलमैन (जीडी) और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो में सिपाही के 53,690 पद भरे जाएंगे। पहले रिक्तियों की संख्या 39,481 थीं, जिसमें बाद में इजाफा किया गया।