सीजीएल परीक्षा में सिस्टम हैकिंग की कोशिश
ताजा नोटिस में आयोग ने बताया कि डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से कुछ परीक्षा केंद्रों पर उम्मीदवारों के सिस्टम पर रिमोट टेकओवर और हैकिंग प्रयास पकड़े गए हैं। आयोग ने कहा कि ऐसे मामलों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और परीक्षा खत्म होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि दोषी पाए जाने वाले उम्मीदवारों को डिबार करने के साथ ही उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई भी की जा सकती है। यहां तक कि उन परीक्षा केंद्रों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी, जो ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा देते पाए जाएंगे।
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को एक बार फिर चेताया है कि वे किसी भी तरह की गड़बड़ी या नकल से बचें, क्योंकि एसएससी निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
एसएससी सीजीएल 2025 परीक्षा जारी
हाल ही में आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि देशभर में परीक्षा सुचारू रूप से चल रही है। अब तक 2,435 शिफ्ट्स में से केवल 25 शिफ्ट्स ही रद्द की गई हैं, जिससे 7,705 उम्मीदवार प्रभावित हुए हैं। एसएससी सीजीएल टियर-1 परीक्षा 26 सितंबर तक 227 परीक्षा केंद्रों पर कई शिफ्ट्स में आयोजित की जा रही है।