RSSB Exam Calendar 2025 Out: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने 2025 परीक्षा कैलेंडर अपडेट कर दिया है। इसमें पटवारी, जूनियर तकनीकी सहायक, डाटा एंट्री ऑपरेटर, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और अन्य भर्ती परीक्षाओं की तिथियां शामिल हैं। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पूरी सूची देख सकते हैं।
RSSB Exam Calendar 2025: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने 7 मार्च, 2025 को संशोधित आरएसएसबी परीक्षा कैलेंडर 2025 जारी कर दिया है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट (rssb.rajasthan.gov.in) पर जाकर नया परीक्षा कार्यक्रम देख और डाउनलोड कर सकते हैं। इस अपडेटेड कैलेंडर में आगामी भर्ती परीक्षाओं की तिथियां और संभावित परिणाम जारी होने की तारीखें शामिल हैं।
विज्ञापन
आधिकारिक नोटिस के अनुसार, परीक्षाओं और आगामी भर्ती परीक्षाओं के लिए जारी परीक्षा कार्यक्रम अस्थायी हैं।
इस दिन होगा टाइपिंग टेस्ट
स्टेनोग्राफर/निजी सहायक ग्रेड-2 संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा 2024 के लिए टाइपिंग टेस्ट 19 मार्च 2025 को आयोजित होगा, जबकि जेल गार्ड सीधी भर्ती परीक्षा 12 अप्रैल को होगी। इसके अलावा, पटवारी परीक्षा 11 मई को और जूनियर तकनीकी सहायक (संविदा) भर्ती परीक्षा 2024 का आयोजन 18 मई 2025 को किया जाएगा।
इन परीक्षाओं की तिथियां हुई जारी
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) द्वारा ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारी (संविदा) भर्ती परीक्षा, सामाजिक कार्यकर्ता (संविदा) भर्ती परीक्षा, अस्पताल प्रशासक (संविदा) भर्ती परीक्षा, वरिष्ठ परामर्शदाता (संविदा) भर्ती परीक्षा, डाटा एंट्री ऑपरेटर (संविदा) भर्ती परीक्षा, फार्मा सहायक (संविदा) भर्ती परीक्षा, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता (संविदा) भर्ती परीक्षा और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) (संविदा) भर्ती परीक्षा की परीक्षा तिथियां जारी कर दी गई हैं।
इन परीक्षाओं के अलावा, आरएसएसबी द्वारा आयोजित अन्य भर्ती परीक्षाओं का शेड्यूल भी अपडेट किया गया है। उम्मीदवार अब आरएसएसबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम देख सकते हैं।