RRB-NTPC December Exams 2020: रेलवे में 1.40 लाख पदों को भरने के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा 15 दिसंबर, 2020 से शुरू हो रही है। जिसमें लगभग 2.44 करोड़ अभ्यर्थी शामिल होने वाले हैं। रेलवे भर्ती बोर्ड ने इन भर्ती परीक्षाओं को कोविड 19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए आयोजित कराने के सख्त निर्देश दिए हैं। परीक्षार्थियों को परीक्षा में बैठने से पहले ‘फिट’ होने की पुष्टि वाले प्रमाणपत्र पर हस्ताक्षर करने होंगे। साथ ही पूरे समय में मास्क पहनना अनिवार्य होगा।
इसके अलावा अभ्यर्थियों को उनके गृह राज्य में ही परीक्षा केंद्र देने की कोशिश की गई है। बहुत कम अभ्यर्थियों को ही गृह राज्य के बाहर जाना होगा। महिलाओं और दिव्यांगों के लिए उनके गृह राज्य में ही परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के लिए रेलवे ने विशेष ट्रेनों को चलाने की भी व्यवस्था की है। यह परीक्षा तीन चरणों में देशभर में आयोजित की जाएगी। पहला चरण 15 दिसंबर से, दूसरा चरण 28 दिसंबर से शुरू होकर मार्च 2021 तक और तीसरा चरण अप्रैल 2021 से जून 2021 तक जारी रहेगा। सभी परीक्षा पूरी कर एक वर्ष के भीतर ही सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति दे दी जाएगी।