उत्तर प्रदेश सरकार के राजस्व परिषद् ने राजस्व लेखपाल के 13,600 रिक्त पदों को भरने के लिए विज्ञप्ति जारी कर दी है। इन पदों पर आवेदन करने के लिए शैक्षिक योग्यता के तहत उत्तर प्रदेश सरकार की माध्यमिक शिक्षा की इंटरमीडिएट या किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से समकक्ष परीक्षा पास होना अनिवार्य है। इन पदों पर आयु सीमा के तहत न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग को निर्धारित नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की गई है।
आयु सीमा की गणना 1 जुलाई, 2015 से की जाएगी। उपरोक्त पदों पर चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। लिखित परीक्षा 80 अंकों की होगी जिसमें वस्तुनिष्ठ प्रकार के 100 प्रश्न होंगे। साक्षात्कार 20 अंकों का होगा। विज्ञापित पदों पर चयनित आवेदकों को वेतनमान के तौर पर 5,200 - 20,200 रुपये ग्रेड पे 2,000 रुपये दिए जाने का प्रावधान है।