छात्रों ने जताया था विरोध
रेलवे की आरआरपी एनटीपीसी परीक्षा पिछले एक हफ्ते काफी चर्चा में रही है। छात्रों ने आरोप लगाया है कि इस परीक्षा में कुछ अनियमितताएं हुई हैं। छात्रों ने 24 जनवरी, 2022 को कई जगहों पर प्रदर्शन किया था। बिहार में विभिन्न जगहों पर हुए प्रदर्शन में पुलिस और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच गहमागहमी भी हुई थी। जिसके बाद बिहार पुलिस ने खान सर और अन्य कोचिंग सेंटरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। इन पर आरोप है कि इन्होंने 400 अज्ञात लोगों के साथ कथित तौर पर हिंसा भड़काई। छात्रों के विरोध के बाद रेलवे ने परीक्षा को स्थगित कर दिया है। उम्मीदवारों की शिकायतों का समाधान अब एक समिति करेगी, इस समिति का गठन कर लिया गया है।
ये बातें लिखीं हैं पत्र में
बिजली उत्पादक कंपनी राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम (एनटीपीसी) ने पत्र में रेलवे से कहा है कि रेलवे की तरफ से इस मामले पर ऊचित कदम उठाया जा रहा है। हालांकि, मीडिया में एनटीपीसी का नाम खबरों में शामिल हो रहा है। जिससे एनटीपीसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है। एनटीपीसी ने कहा कि भविष्य में इस तरह की कोई गलतफहमी नहीं होनी चाहिए, लोगों के बीच ऐसी धारणा नहीं बननी चाहिए। इसलिए इस परीक्षा का नाम बदला जाना महत्वपूर्ण है। पत्र में अनुरोध किया गया है कि इस परीक्षा का पूरा नाम स्पष्ट रूप से लिखा जाए। जिससे इंटरनेट मीडिया मे लोगों के समक्ष जनता के बीच किसी भी रूप से कोई गलतफहमी न हो।