उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा उत्तराखंड शासन के माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत उत्तराखंड विशेष अधीनस्थ शिक्षा सेवा में प्रवक्ता संवर्ग-समूह 'ग' के पदों हेतु भारतीय नागरिकों से ऑनलाईन आवेदन पत्र मंगाए गए हैं।
पदों की कुल संख्या 1213 निर्धारित की गई है। जिसमें सामान्य शाखा के 1056 पद तथा महिला शाखा के 157 पद शामिल हैं। इन पदों में हिंदी, अंग्रेजी, गणित, जीवविज्ञान, भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र, नागरिक शास्त्र, अर्थशास्त्र, इतिहास, संस्कृत, भूगोल, कला, शिक्षा शास्त्र, मनोविज्ञान, समाज शास्त्र व अन्य विषयों के पद शामिल हैं।
इन पदों को भरने की शैक्षिक योग्यता संबंधित विषय में परास्नातक व शिक्षा विभाग में डिग्री निर्धारित की गई है। शिक्षण कार्य में अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी। विज्ञापित पदों के लिए 9,300 से 34,800 रुपये वेतनमान निर्धारित किए गए हैं। इन पदों के लिए आयु सीमा 21 से 42 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग को अधिकतम उम्र सीमा में छूट प्रदान की जाएगी। इन पदों पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा व साक्षात्कार के माध्यम से किया जायेगा।