लोक सेवा आयोग उत्तराखंड ने विभिन्न रिक्त पदों को भरने के लिए विज्ञप्ति जारी की है। इन पदों में सहायक समीक्षा अधिकारी, अनुवादक, टाइपिस्ट व असिस्टेंट लाइब्रेरियन के पद शामिल हैं।
पदों की कुल संख्या 64 निर्धारित की गई है। इन पदों की शैक्षिक योग्यता पदों के अनुसार अलग-अलग निर्धारित की गई है। सहायक समीक्षा अधिकारी के पदों के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक या समकक्ष डिग्री व कंप्यूटर में डिप्लोमा रखी गई है।
इन पदों पर निर्धारित शैक्षिक एवं आयु संबंधी योग्यता रखने वाले भारतीय उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। विज्ञापित पदों के लिए आयु सीमा 21 वर्ष से 42 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जुलाई, 2014 से की जायेगी। आरक्षित वर्ग को अधिकतम उम्र सीमा में नियमानुसार छूट प्रदान की जायेगी।
ऐसे करें आवेदन
सहायक समीक्षा अधिकारी, असिस्टेंट लाइब्रेरियन के पदों के लिए 9,300 से 34,800 रुपये व अन्य पदों के लिए 5,200 रुपये से 20,200 रुपये वेतनमान निर्धारित किए गए हैं।
विज्ञापित पदों पर आवेदन केवल ऑनलाइन के माध्यम से किया जा सकता है। किसी अन्य माध्यम से किया गया आवेदन निरस्त कर दिया जायेगा। ऑनलाइन आवेदन 16 दिसंबर, 2014 से प्रारंभ है।
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 1 जनवरी, 2015 है। विज्ञापित पदों के लिए आवेदकों का चयन लिखित परीक्षा व साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। अंतिम चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के अंकों के योग के आधार पर होगा।
एक जनवरी तक करें ऑनलाइन आवेदन
आवेदन शुल्क सामान्य व अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को 150 रुपए व आरक्षित वर्ग को 60 रुपए चालान के माध्यम से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में 5 जनवरी, 2015 तक जमा करना होगा।
किसी अन्य माध्यम से या बिना आवेदन शुल्क के किया गया आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा। पूर्णरूप से भरे हुए आवेदन पत्र को डाउनलोड करके संबंधित स्वप्रमाणित दस्तावेजों के साथ आयोग कार्यालय में भेजें।
आयोग में आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 12 जनवरी, 2015 निर्धारित की गई है। आवेदन करने एवं आवेदन संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए उम्मीदवार उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की वेबसाइट http://ukpsc.gov.in/ पर लॉग ऑन करें।