वैश्विक कोरोना महामारी की वजह से पैदा हुई स्थिति के बावजूद भी भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, खड़गपुर के छात्रों को 2020-21 के अकादमिक सत्र में पहले चरण के प्लेसमेंट के आठवें दिन तक नौकरी के एक हजार से ज्यादा अवसर प्राप्त हुए। यह पहली बार है, जब कोविड-19 के कारण आईआईटी खड़गपुर में वर्चुअल (आभासी) मोड में प्लेसमेंट शुरू हुआ।
पहली बार अपनाई गई डिजिटल माध्यम से प्लेसमेंट की प्रक्रिया
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, खड़गपुर का कहना है कि वैश्विक कोरोना महामारी की वजह से पहली बार डिजिटल माध्यम से प्लेसमेंट की प्रक्रिया अपनाई गई। गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, एप्पल, क्वालकॉम, गोल्डमैन साक्स, जे पी मोर्गन, अमेरिकन एक्सप्रेस, सोनी जापान, ईएक्सएल सर्विस, ओरेकल, हनीवेल, टीएसएमसी, अमेजन, एयरबस, टाटा स्टील और अन्य कंपनियों ने छात्रों को नौकरी का ऑफर दिया।
पहले चरण में 200 से ज्यादा कंपनियों ने लिया हिस्सा
पहले चरण में दो सौ से ज्यादा कंपनियों ने हिस्सा लिया। संस्थान के प्रवक्ता ने बताया कि छात्रों को जापान और ताइवान जैसे देशों से नौकरी के करीब 30 अंतरराष्ट्रीय प्रस्ताव भी मिले। भर्ती अभियान में भाग लेने वाली कंपनियों में मुख्य रूप से 25 फीसदी -27 फीसदी कोर कंपनियां, 65 प्रतिशत सॉफ्टवेयर और 10 प्रतिशत परामर्श कंपनियां शामिल थी। संस्थान के प्रवक्ता ने कहा कि औसत वेतन 19 लाख वार्षिक पर प्लेसमेंट हुआ।