इस भर्ती की बहु-चरणीय चयन प्रक्रिया में सबसे पहले शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और शारीरिक मानक परीक्षा (PST) आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं को सफलतापूर्वक पास करने वाले उम्मीदवारों को अगले चरणों यानी ट्रेड टेस्ट, लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षा के लिए चुना जाएगा।
कैसे होगा चयन?
शारीरिक मानक परीक्षण (PST): सीआईएसएफ कांस्टेबल/ट्रेड्समैन भर्ती 2025 में पुरुष अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 165 सेंटीमीटर और महिला अभ्यर्थियों के लिए 155 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है। सरकारी मानदंडों के अनुसार, कुछ विशेष श्रेणियों के उम्मीदवारों को 5 सेंटीमीटर तक की छूट दी जाएगी। इसके अलावा, इस भर्ती अभियान में भूतपूर्व सैनिकों के लिए 113 पदों का आरक्षण भी शामिल है।
शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET): पुरुष उम्मीदवारों को चयन प्रक्रिया में आगे बढ़ने के लिए 1.6 किलोमीटर की दौड़ 6 मिनट 30 सेकंड में पूरी करनी होगी, जबकि महिला उम्मीदवारों को 800 मीटर की दौड़ 4 मिनट में पूरी करनी होगी। ये शारीरिक परीक्षण उम्मीदवारों की फिटनेस और पात्रता को परखने के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि केवल इन्हें पास करने वाले ही अगले चरणों यानी ट्रेड टेस्ट, लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षा तक पहुंच पाएंगे।