शारीरिक मापदंड में अंक नहीं मिलेंगे
शारीरिक मापदंड के लिए उम्मीदवारों को कोई अंक नहीं दिए जाएंगे, लेकिन इन्हें पूरा करना अनिवार्य होगा। सामान्य और पिछड़ा वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों की न्यूनतम ऊंचाई 165 सेमी होनी चाहिए। वहीं, अत्यंत पिछड़ा वर्ग, एससी और एसटी वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों की ऊंचाई कम से कम 160 सेमी होनी चाहिए। सभी वर्गों की महिला उम्मीदवारों की न्यूनतम ऊंचाई 155 सेमी होनी जरूरी है।
पुरुषों के लिए सीना, महिलाओं के लिए वजन जरूरी
पुरुष उम्मीदवारों में सामान्य, पिछड़ा और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए बिना फुलाए सीना 81 सेमी और फुलाने पर 86 सेमी होना चाहिए। वहीं, एससी और एसटी वर्ग के पुरुषों का सीना बिना फुलाए 79 सेमी और फुलाने पर 84 सेमी होना जरूरी है। दोनों ही मामलों में सीने में कम से कम 5 सेमी का फुलाव होना चाहिए। महिला उम्मीदवारों का वजन कम से कम 48 किलोग्राम होना अनिवार्य है।
पीईटी के लिए जरूरी शर्तें
- दौड़: पुरुष उम्मीदवारों को 1.6 किलोमीटर (1 मील) की दौड़ 6 मिनट 30 सेकंड में पूरी करनी होगी। महिला उम्मीदवारों को 1 किलोमीटर की दौड़ 6 मिनट में पूरी करनी होगी।
- ऊंची कूद: पुरुषों को कम से कम 4 फीट और महिलाओं को कम से कम 3 फीट ऊंची कूद लगानी होगी।
- लंबी कूद: पुरुष उम्मीदवारों को कम से कम 12 फीट और महिलाओं को कम से कम 9 फीट लंबी कूद लगानी होगी।
- गोला फेंक: पुरुष उम्मीदवारों को 16 पाउंड का गोला कम से कम 16 फीट और महिला उम्मीदवारों को 12 पाउंड का गोला कम से कम 10 फीट फेंकना होगा। PET केवल क्वालिफाइंग होगी, यानी इसमें अलग से अंक नहीं मिलेंगे।