BPSC Assistant Engineer: बिहार लोक सेवा आयोग ने सहायक अभियंता असैनिक भर्ती परीक्षा के परिणाम को लेकर एक महत्वपूर्ण नोटिस जारी किया है। आयोग ने बताया है कि परिणाम कोर्ट में चल रही याचिकाओं के कारण प्रभावित हो सकता है।
BPSC: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने सहायक अभियंता असैनिक के पदों पर भर्ती के लिए जारी परीक्षा परिणाम को लेकर उम्मीदवारों को सूचित किया है कि यह परिणाम वर्तमान में पटना उच्च न्यायालय में दायर दो याचिकाओं के कारण प्रभावित हो सकता है। आयोग ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों से आग्रह किया है कि वे अदालत के अंतिम आदेश का इंतजार करें और अंतिम निर्णय तक धैर्य बनाए रखें।
विज्ञापन
इस दिन जारी हुआ रिजल्ट
असैनिक पदों पर भर्ती के लिए दिनांक 18 और 19 दिसंबर 2024 को पटना मुख्यालय के 20 परीक्षा केंद्रों पर लिखित (वस्तुनिष्ठ) प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित की गई। इस परीक्षा में कुल 8741 उम्मीदवार शामिल हुए। नियुक्ति हेतु परीक्षा परिणाम 7 अगस्त 2025 को प्रकाशित किया गया था।
16 अप्रैल 2025 और 18 जुलाई 2025 को उम्मीदवारों की प्रारंभिक सूची प्रकाशित हुई थी। इसके बाद 8 मई, 9 मई और 25 जुलाई 2025 को उम्मीदवारों के दस्तावेज जांचे गए। कुल 113 खाली पदों में से 112 पदों के लिए उम्मीदवार सफल घोषित किए गए। एक रिक्ति दृष्टि दिव्यांग उम्मीदवार के लिए आरक्षित थी, जिसके लिए चार उम्मीदवारों को दिव्यांगता जांच के लिए बुलाया गया, लेकिन उपयुक्त उम्मीदवार उपलब्ध नहीं हो सके।
विज्ञापन
इसलिए सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार के नियमों के अनुसार इस रिक्ति को अनारक्षित कोटे में सुरक्षित रखा गया है। इसलिए कुल 112 उम्मीदवारों को सहायक अभियंता, असैनिक पदों पर नियुक्ति के लिए सफल घोषित किया गया है।