BPSC Gender Correction Form: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 71वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2025 में भाग लेने वाले कई उम्मीदवारों ने ओटीआर (One Time Registration) भरते समय गलती कर दी है, विशेष रूप से जेंडर कॉलम में। इसको लेकर आयोग को ई-मेल और कॉल के जरिए कई शिकायतें प्राप्त हुईं। अब बीपीएससी ने ऐसे अभ्यर्थियों को राहत दी है।
कौन-कौन कर सकते हैं सुधार?
वे सभी अभ्यर्थी जिन्होंने "Male" के स्थान पर "Female" या "Female" के स्थान पर "Male" गलती से दर्ज कर दिया है, उन्हें आवेदन की अंतिम तिथि तक यह गलती सुधारने का मौका दिया जा रहा है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह सिर्फ जेंडर कॉलम तक सीमित सुधार है। अन्य व्यक्तिगत सूचनाओं में अगर कोई गलती है, तो उन्हें परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद ही सुधारा जा सकेगा।
30 जून तक कर सकेंगे सुधार
बीपीएससी ने कहा "OTR फार्म में केवल 08 व्यक्तिगत सूचनाएं होती हैं। अभ्यर्थियों को इन्हें सावधानीपूर्वक भरना चाहिए। यदि जेंडर कॉलम में गलती हुई है, तो उसे आवेदन की अंतिम तिथि (30 जून 2025) तक सुधारा जा सकता है। अन्य किसी गलती के सुधार के लिए परिणाम के बाद विचार किया जाएगा।"
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को सचेत करते हुए कहा है कि OTR फॉर्म 'सबमिट' करने से पहले पूरी जानकारी ध्यान से जांच लें। यदि आप या साइबर कैफे की लापरवाही से कोई गलती दर्ज होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी उम्मीदवार की होगी।
BPSC 71th CCE 2025: 30 जून तक करें पंजीकरण
एकीकृत 71वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया अभी चालू है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट (bpsconline.bihar.gov.in) पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 जून 2025 निर्धारित की गई है। इसी दिन तक उम्मीदवार परीक्षा शुल्क का भुगतान भी कर सकते हैं। आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, प्रारंभिक परीक्षा (प्री) 30 अगस्त 2025 को आयोजित की जाएगी।