कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की ओर से होने वाले साक्षात्कार में अभ्यर्थियों को अपने प्रमाण पत्रों के साथ बायोडाटा भी देना होगा। आयोग की ओर से साक्षात्कार से पूर्व अभ्यर्थियों के बारे में अतिरिक्त जानकारी हासिल करने के लिए नई पहल की गई है। आयोग की ओर से अभ्यर्थियों से मांगे गए बायोटाडा में उनकी मातृभाषा के साथ अतिरिक्त अन्य भाषाओं की जानकारी मांगी गई है।
आयोग की ओर से छात्रों के शैक्षिक रिकार्ड के साथ ही उनसे एक्स्ट्रा करीकुलर एक्टिविटी की जानकारी मांगी गई है। अभ्यर्थियों से हाईस्कूल से लेकर खेल-कूद, ललित कलाओं, नाटकों, निबंध-लेखन तथा अन्य गतिविधियों की जानकारी मांगी गई है। इसके साथ ही एनसीसी, एनएसएस, सामाजिक कार्य आदि की जानकारी देने को कहा गया है।
एसएससी की ओर से अपनी वेबसाइट पर बायोडाटा का प्रोफार्मा जारी किया गया है, उसे छात्रों को भरकर साक्षात्कार के समय प्रस्तुत करना होगा। अभ्यर्थियों से बायोडाटा की चार प्रतियां प्रस्तुत करनी होगी। आयोग की ओर से कहा गया कि साक्षात्कार के समय जरूरी प्रपत्र को प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है।