प्रोद्योगिकी क्षेत्र में नौकरी ढूंढ रहे उम्मीदवारों के लिए नया साल आशा की एक किरण के साथ आ रहा है। अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनी सीएसएस कॉरपोरेशन भारत में अपने कारोबार का विस्तार करने जा रही है। अगले साल तक कंपनी ने करीब एक हजार लोगों को नौकरी देने की योजना बनाई है।
सीएसए कॉरपोरेशन, विश्लेषण, स्वचालन और क्लाउड कंसल्टिंग के क्षेत्र में सेवाएं देती है। अभी इस कंपनी में करीब 4,500 लोग कार्यरत हैं। भारत में कंपनी के कार्यालय नोएडा, बेंगलुरु, चेन्नई और हैदराबाद में स्थित हैं।
सीएसएस कॉरपोरेशन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी मनीष टंडन ने बताया कि हमारी वृद्धि काफी अच्छी है और पिछले साल के मुकाबले हमने 25 प्रतिशत वृद्धि हासिल की है। हम यहां अपनी स्थिति मजबूत करना चाहते हैं और अगले एक साल में करीब एक हजार नए लोगों को नौकरी देंगे।
कंपनी के नोएडा कार्यालय में करीब 100 लोग काम कर रहे हैं जिसे दोगुना किए जाने की संभावना है। इसके अलावा हैदराबाद और बेंगलुरु जैसे जगहों पर भी नई नियुक्तियां की जाएंगी। टंडन ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में स्वचालन और विश्लेषण समाधान की काफी मांग है। ऐसे में हम वृद्धि की गति जारी रहने की उम्मीद कर रहे हैं।