आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट ने सिविल जज (जूनियर डिवीजन) के 119 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। हाई कोर्ट में नौकरी करने की तैयारी कर रहे कानून की पढ़ाई पूरी कर चुके उम्मीदवारों के लिए यह भर्ती महत्वपूर्ण है। इन पदों को सीधी भर्ती और ट्रांसफर के माध्यम से भरा जाएगा।
कुल 119 पदों में से 96 पद सीधी भर्ती के जरिए भरे जाएंगे। वहीं, 23 पद ट्रांसफर के माध्यम से भरे जाएंगे। सीधी भर्ती के पदों में ओपन कॉम्पिटिशन के साथ ईडब्ल्यूएस, पिछड़ा वर्ग, एससी और एसटी समेत विभिन्न श्रेणियों के पद शामिल हैं। निर्धारित पदों में महिलाओं और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए भी पद रखे गए हैं।
ट्रांसफर के कितने पद हैं?
ट्रांसफर के माध्यम से भरे जाने वाले 23 पदों में 18 पद ओपन कॉम्पिटिशन के हैं। इसके अलावा एससी ग्रुप-I का 1, एससी ग्रुप-III का 1 और एसटी के 3 पद शामिल हैं। उम्मीदवारों को श्रेणीवार पदों की पूरी जानकारी के लिए आधिकारिक अधिसूचना देखने की सलाह दी गई है।
आवेदन कब तक कर सकते हैं?
सिविल जज पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 26 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों को आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन करना होगा। अंतिम तारीख के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
कौन कर सकता है आवेदन?
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से कानून की डिग्री यानी एलएलबी होनी चाहिए। उम्मीदवार आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में दी गई पात्रता की सभी शर्तों को ध्यान से जांच लें।
कितनी है उम्र सीमा?
सीधी भर्ती के लिए उम्मीदवार की अधिकतम उम्र 35 वर्ष तय की गई है। वहीं, ट्रांसफर के जरिए नियुक्ति के लिए अधिकतम उम्र सीमा 48 वर्ष है। उम्र की गणना 1 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।
आवेदन शुल्क कितना है?
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन शुल्क भी जमा करना होगा। जनरल, ईडब्ल्यूएस और पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों के लिए शुल्क 1,500 रुपये रखा गया है। वहीं एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी उम्मीदवारों को 750 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा।
कैसे होगा चयन?
उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में किया जाएगा। सबसे पहले आवेदनों की जांच होगी। इसके बाद स्क्रीनिंग टेस्ट यानी कंप्यूटर आधारित परीक्षा, लिखित परीक्षा और वाइवा-वोस आयोजित किया जाएगा। इन चरणों के आधार पर अंतिम मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी।
कितनी मिलेगी सैलरी?
चयनित उम्मीदवारों को सिविल जज (जूनियर डिवीजन) के पद पर 77,840 रुपये से 1,36,520 रुपये प्रति माह तक वेतन मिलेगा। भर्ती से जुड़ी अन्य शर्तों, परीक्षा पैटर्न, दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी के लिए उम्मीदवारों को आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट की ओर से जारी विस्तृत नोटिफिकेशन जरूर पढ़ना चाहिए।