झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं पर तब मुसीबत आन पड़ी जब मऊभंडार ए ब्लॉक की महिलाओं ने उन्हें मारने के लिये चप्पल उतार ली। ऐसे में झामुमो नेताओं ने भागने में ही अपनी भलाई समझी।
यह घटना मऊभंडार ए ब्लॉक में मंगलवार रात की है। यहां पर एक घर के सामने विधायक निधि से हैंडपंप गाड़ा जा रहा था। रात करीब दस बजे जब कार्यकारी एजेंसी 40 फुट खुदाई कर जाने लगी तो आसपास की महिलाओं को इसका पता लग गया। ऐसे में वहां पहुंची महिलाओं ने कार्यकारी एजेंसी से नियमानुसार हैंडपंप की बोरिंग किये जाने की मांग की और काम शुरु रखने के लिये कहा।
इस पर लोगों को बताया गया कि चापाकल यहां नहीं लग पायेगा। तब महिलाओं ने कहीं और बोरिंग करने के लिये आग्रह कहा। जिस पर कार्यकारी एजेंसी तैयार नहीं हुई। इससे महिलओं ने वहां हंगामा खड़ा कर दिया। मामला बढ़ता देख क्षेत्रीय झामुमो नेताओं को बुलाया गया। वहां पहुचे झामुमो नेताओं ने महिलाओं से अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। तब महिलाओं ने आक्रोशित होकर अपनी सैंडिल उतार ली और झामुमो नेताओं को मारने लगीं। यह देख झामुमो नेता वहां से भाग खड़े हुये।