राहुल गांधी के आह्वान पर 14 दिसंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर में होने वाली “वोट चोर गद्दी छोड़” मेगा रैली को सफल बनाने के लिए झारखंड कांग्रेस ने तैयारी तेज कर दी है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के आह्वान पर 14 दिसंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर में आयोजित होने वाली “वोट चोर गद्दी छोड़” मेगा रैली को सफल बनाने के लिए झारखंड कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश कार्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने की। बैठक में रैली की रणनीति, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और दिल्ली तक जाने की संपूर्ण रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा हुई।
विज्ञापन
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि देशभर में मतदाता सूची से नाम काटे जाने और मताधिकार में बाधा पहुंचने की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई इलाकों में जानबूझकर मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं, जिसकी शिकायत कांग्रेस लगातार उठा रही है।
उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले की जानकारी कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व को दे दी गई है और अलका लांबा को भी अवगत करा दिया गया है। कमलेश ने कहा कि 14 दिसंबर की रैली में झारखंड से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे और लोकतंत्र तथा मताधिकार की रक्षा के लिए अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएंगे।