रांची में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार होटवार के उच्च श्रेणी कैदी वार्ड में बंद राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद से जेल में हर हफ्ते सिर्फ तीन लोग ही मिल सकेंगे। जेल प्रशासन ने सोमवार को लालू यादव से मिलने पहुंचे राजद नेताओं को इस बात की जानकारी दी। लालू यादव को चारा घोटाला के 6 में से दूसरे मामले देवघर कोषागार केस में दोषी ठहराया है जिसमें सजा का ऐलान जनवरी में होगा।
यह भी पढ़ें: जेल में करवटें बदलते रहे लालू प्रसाद यादव, जेल में मिलने पहुंचे पार्टी नेता हुए निराश
बिहार से आए पांच राजद नेताओं को सोमवार को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार के जेल अधीक्षक ने इस बात की पुष्टि की। सोमवार को लालू प्रसाद यादव से जेल में मिलने के लिए कई राजद नेता और कार्यकर्ता पहुंचे थे। इनमें झारखंड सरकार की पूर्व मंत्री अन्न्पूर्णा देवी, लालू प्रसाद के वकील प्रभात कुमार, राजद नेता अवध बिहारी, भोला प्रसाद और रणविजय सिंह शामिल थे। जेल प्रशासन ने लालू यादव को इनसे मिलवाने के लिए जेल के मुलाकात वाले कमरे में लेकर आई। इसके बाद राजद नेताओं को जेलर ए.के. चौधरी ने बताया कि जेल के दिशानिर्देशों के अनुसार एक हफ्ते में अब तीन मुलाकाती ही लालू यादव से मिल सकेंगे।
जेल प्रशासन के व्यवहार पर टिप्पणी करते हुए अन्नपूर्णा देवी ने कहा, 'राज्य सरकार लालू प्रसाद यादव से ऐसे बर्ताव कर रही है कि जैसे वह कोई जननेता नहीं बल्कि उग्रवादी हों। राज्य सरकार का यह रवैया बेहद गलत और पक्षपातपूर्ण है।' अन्नपूर्णा देवी ने जेल प्रशासन से लालू के परिजनों को मिलने की अनुमति देने की मांग की है।