झारखंड के गोड्डा जिले में एक सरकारी स्कूल के एक शिक्षक ने प्रेम प्रसंग को लेकर अपने दो सहकर्मियों की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी। शिक्षक ने बाद में खुद को भी गोली मारकर तरह घायल कर लिया। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि घटना रांची से करीब 300 किलोमीटर दूर पोरइयाहाट के चतरा अपग्रेडेड स्कूल में पूर्वाह्न करीब 11 बजे घटी।
गोड्डा के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने बताया कि दो शिक्षकों के शव स्कूल के एक कमरे में खून से लथपथ मिले, जिनमें एक महिला थी। आरोपी शिक्षक भी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि स्कूल के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने गोली चलने की आवाज सुनी तो वे वहां पहुंचे और कमरे को अंदर से बंद पाया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया।
अधिकारी ने कहा कि प्रथमदृष्टया यह प्रेम प्रसंग का मामला लगता है। ग्रामीणों और विद्यार्थियों के अनुसार दोनों पुरुष शिक्षकों के कथित रूप से महिला शिक्षक से प्रेम संबंध थे। मृतकों की पहचान पोरइयाहाट निवासी सुजाता मिश्रा (35) और उत्तर प्रदेश के चंदौली के निवासी आदर्श सिंह (40) के रूप में की गई है। वहीं घायल शिक्षक की पहचान पोरइयाहाट मेन बाजार निवासी रवि रंजन (42) के रूप में की गई है।