झारखंड के दुमका में आज रात्रि लगभग साढ़े आठ बजे जामा थानांतर्गत जामा चौक के निकट अनियंत्रित होकर चावल लदा ट्रक देवघर जा रही एक अल्टो कार पर पलट गया जिससे उसमें सवार महिलाओं एवं बच्चों समेत 6 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
दुमका के पुलिस अधीक्षक अंबर लाकड़ा ने बताया कि रात्रि लगभग साढ़े आठ बजे यह दुर्घटना हुई जिसके बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि पुलिस दल मौके पर पहुंच कर स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य में जुट गया।
उन्होंने बताया कि कार में सवार सभी लोग दुमका से देवघर जा रहे थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि जहां दुर्घटना हुई वहां की सड़क पूरी तरह खस्ताहाल है और बड़े-बड़े गड्ढे हैं जिसके चलते ही संभवतः ट्रक चालक ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख सका।
इससे पहले लाकड़ा ने बताया कि दुर्घटना में मारे गये लोग झारखंड और बिहार के हैं और उनमें महिलाएं और बच्चें भी शामिल हैं। अभी लोगों की पूरी तरह शिनाख्त नहीं हो पाई है।