झारखंड के साहिबगंज जिले में एक गांव की 17 वर्षीय नाबालिग आदिवासी लड़की के साथ छह युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। हालांकि पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
साहिबगंज के पुलिस अधीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा ने को बताया कि बृहस्पतिवार की रात्रि बास्कोडीह जाने के मार्ग में हुए इस सामूहिक दुष्कर्म के अपराध में शामिल सभी छह युवकों को शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। सभी आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार भी कर लिया है। साथ ही पुलिस ने नाबालिग लड़की का पीछा करने में युवकों द्वारा इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में पीड़ित लड़की की मेडिकल जांच करवा ली गई है और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि हो गई है। उन्होंने बताया कि 22 अक्तूबर की रात्रि पीड़िता अपने माता-पिता की सहमति से अपने कुछ दोस्तों के साथ रात्रि लगभग आठ बजे घर से बास्कोडीह के लिए निकली थी।
रास्ते में बदमाशों की नजर उन पर पड़ी और उन्होंने लड़की और उसके साथियों का मोटरसाइकिल से पीछा करना शुरू कर दिया। रास्ते में उन्होंने इन सभी को घेर लिया और वहां अपने तीन और साथियों को बुला लिया। फिर सभी लड़की को जबरन खींचकर समीप की नहर के पास ले गए और वहां उन सभी ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना की सूचना नाबालिग लड़की के माता-पिता ने देर रात्रि पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस ने लड़की को इलाज और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा। बलात्कार की पुष्टि के बाद पुलिस ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
इन सभी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की बलात्कार से जुड़ी धाराओं और पाक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान अजय कुमार सिंह (18), गौतम कुमार सिंह (21), शंकर कुमार सिंह (22), कुश कुमार (22), दिसंबर कुंवर (18), अनिकेत (18) के रूप में की है।