झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास पर एक कार्यक्रम के दौरान खरसावां में जूते फेंके गए और काले झंडे दिखाए गए। रविवार को आयोजित शहीद दिवस समारोह में शहीदों को श्रद्धांजलि देने मुख्यमंत्री यहां पहुंचे थे। लेकिन आदिवासी समुदाय के लोगों का आक्रोश उन्हें झेलना पड़ा। भारी विरोध के बीच मुख्यमंत्री ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
सोशल मीडिया पर सीएम के विरोध का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में लोग मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाते हुए वापस जाओ के नारे लगाते सुनाई दे रहे हैं । सीएम के श्रद्धांजलि देकर वापस जाने के समय जूते-चप्पल उछाले गए। वीडियो में साफ-साफ जूता उछालने की घटना दिखाई दे रही है। हालांकि शहीद दिवस समारोह में पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी।
मुख्यमंत्री के आने की सूचना मिलते ही आदिवासी संगठन के लोग उग्र हो गए और शहीद स्थल पर ही प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री वापस जाओ, रघुवर सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। भीड़ ने सीएनटी (छोटानागपुर टिनेंसी)-एसपीटी (संथाल परगना टिनेंसी) एक्ट संशोधन का विरोध करते हुए नारेबाजी की।
काफी प्रयास के बाद मुख्यमंत्री शहीद बेदी तक पहुंचे और श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि देकर जैसे ही मुख्यमंत्री शहीद बेदी से बाहर निकले, आदिवासी समुदाय के लोग सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए जूते-चप्पल एवं कुर्सियां उछालने लगे तथा काले झंडे दिखाने लगे। पुलिस लाचार दिखी।
यह पूरा वाकया लगभग एक घंटे तक सभास्थल पर चलता रहा। कड़ी मशक्कत के बाद मुख्यमंत्री को उनकी कार तक पहुंचाया गया, जहां से वे हैलीपैड पहुंचे और फिर जमशेदपुर के लिए रवाना हुए।