नीतीश की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) से निलंबित किए गए वरिष्ठ समाजवादी नेता शरद यादव और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव से जेल में मुलाकात की है। शरद और बाबूलाल रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार लालू से मिलने पहुंचे। जेल में लालू से मिलते ही शरद यादव ने उन्हें गले लगाया। जिसके बाद दोनों के बीच करीब 10 मिनट तक मुलाकात चली। दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक मुद्दों पर भी संक्षिप्त चर्चा होने की संभावना जतायी जा रही है। इससे पहले शरद यादव ने बाबूलाल मरांडी से मुलाकात कर वार्ता की। शरद यादव ने मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान कहा कि देश में लोकतंत्र और एकता खतरे में है। शरद ने कहा कि इससे पहले हमने संविधान बचाओ और साझा विरासत बचाओ कार्यक्रम किए हैं।
गौरतलब है कि
बिहार में महागठबंधन तोड़कर भाजपा नीत एनडीए गठबंधन का हिस्सा बनने के फैसले के बाद से ही जेडीयू प्रमुख और बिहार के मुख्यमंत्री
नीतीश कुमार से
शरद यादव में अनबन शुरू हो गई थी। जिसके बाद शरद यादव ने बिहार के अलग अलग क्षेत्रों की कई चरणों में यात्रा की थी। उन्होंने पटना और दिल्ली में विरासत बचाओ कार्यक्रम किया था जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की थी।
नीतीश कुमार के भाजपा संग बिहार में सरकार बनाने के बाद और
लालू यादव के परिवार द्वारा कोर्ट-कचहरी और जांच एजेंसियों का सामना करने के बाद लालू ने शरद यादव के प्रति सम्मान जताया था। लालू ने कहा था कि शरदजी पहले भी हमारे नेता रहे हैं और वह फिर से हमारा नेतृत्व करें।