झारखंड की राजधानी रांची में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा संविधान बचाओ रैली का आयोजन किया गया था, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने संबोधन के दौरान बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। खरगे ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पहलगाम हमले को लेकर सरकार की नियत पर बड़ा सवाल खड़ा किया। साथ ही साथ राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जेल जाने के विषय को मुखरता से उठाया।
कांग्रेस पार्टी झारखंड में संगठन को मजबूत करने में जुट चुकी है। इसी कड़ी में मंगलवार को रांची के धुर्वा स्थित पुराना विधानसभा मैदान में संविधान बचाओ रैली का आयोजन किया गया। रैली में प्रदेश कांग्रेस के तमाम मंत्री, विधायक पदाधिकारी और राज्य भर से कार्यकर्ता जुटे थे। मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने भाषण में केंद्र सरकार पर हमला बोला। मल्लिकार्जुन खरगे ने कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी घटना को लेकर गंभीर सवाल खड़ा करते हुए बताया कि एक अखबार के माध्यम से मिली जानकारी के अनुसार, देश की खुफिया एजेंसियों ने आतंकी हमले की आशंका पहले ही जता दी थी। इसके बाद पीएम मोदी ने अपना कश्मीर दौरा रद्द कर दिया था।
यह भी पढ़ें: रांची में आयोजित रैली में शामिल हुए मल्लिकार्जुन खरगे, CM सोरेन और MLA कल्पना से मिले
ऐसे में मेरा केंद्र सरकार से सवाल है कि जब खुफिया एजेंसियों ने आतंकी हमले की आशंका जतायी थी, तो सरकार ने इस बारे में सभी को अलर्ट क्यों नहीं किया? मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार के नियत पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने कहा, भारत के नागरिकों की सुरक्षा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए महत्वपूर्ण नहीं प्रतीत हो रही है, वे सिर्फ बयानबाजी में ही व्यस्त हैं।
अगर संविधान बचाने को लेकर नहीं लड़े तो हमारा लोकतांत्रित अधिकार खत्म कर दिया जाएगा : मल्लिकार्जुन खरगे
संविधान बचाओ रैली के मकशद को लेकर कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विश्व के सबसे अनोखे भारतीय संविधान के निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के विचारों को कुचलने का काम भाजपा के नेतृत्व में चल रही केंद्र सरकार द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा, भाजपा नेता लोकसभा चुनाव के दौरान संविधान बदलने की बात करते हैं। लेकिन वो ऐसा करने में विफल रहे। लेकिन अभी भी प्रयास जारी रखे हैं। लेकिन कांग्रेस पार्टी भाजपा के मंसूबे पर उन्हें सफल होने नहीं देगी। संविधान बचाने को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा शुरू किया गया मुहिम पर सभी लोगों की भूमिका जरूरी है। क्योंकि अगर अब हम अपनी लड़ाई नहीं लड़ेंगे तो हमारा लोकतांत्रित अधिकार हमसे छीन लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: खरगे का दावा- PM मोदी को आतंकी हमले की खुफिया रिपोर्ट मिली थी, इसीलिए जम्मू-कश्मीर दौरा रद्द किया
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जेल जाने के विषय को उठाया गया
कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जेल जाने को विषय को मुखरता से उठाया है। उन्होंने कहा, झारखंड के लोकप्रिय आदिवासी मुख्यमंत्री को एक साजिश के तहत भाजपा द्वारा जेल भेजा गया था। वो कार्रवाई हर झारखंड वासी भूल नहीं पाएगा। भाजपा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पारदर्शी सोच से घबरा चुकी है। पिछले टर्म में सरकार को भंग करने की मनसा से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जेल भेजा गया था। लेकिन उनके प्रयासों पर झारखंड की जनता ने अपने बहुमूल्य वोट से जवाब दिया और एक बार पुनः झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार बनी है।
बिहार चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ चर्चा हुई
झारखंड में झामुमो कांग्रेस और राजद के साथ मिलकर सरकार चला रही है। मल्लिकार्जुन खरगे ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात किया। दोनों के बीच बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सार्थक चर्चा हुई। बता दें कि झामुमो ने बिहार चुनाव में उतरने का फैसला लिया है। ऐसे में गठबंधन की भूमिका पर निर्णय होना बड़ी बात होगी।