राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ की सदस्यता लेने वालों में पिछले चार सालों में साढ़े इक्कीस सौ प्रतिशत का इजाफा हुआ है। आरएसएस के राष्ट्रीय प्रचार प्रमुख डा मनमोहन वैद्य के मुताबिक चार साल पहले यानी साल 2011 तक सिर्फ 354 लोग हर महीने संघ से जुड़ रहे थे। लेकिन अब वो तादाद आठ हजार को पहुंच गई है। डा वैद्य ने रांची में पत्रकारों को बताया कि साल 2012 में हर माह एक हजार लोग आरएसएस से जुड़ा करते थे। वर्ष 2013 में ये ढ़ाई हजार पहुंच गई।
साल 2014 में सात हजार लोग हर महीने संघ से जुड़ रहे थे। जबकि पिछले माह अक्तूबर 2015 तक यह संख्या 8 हजार हो गयी है। आरएसएस नेता का कहना था कि इनमें ज्यादातर 25 से 35 के हैं। रांची में संगठन के राष्ट्रीय कार्यमंडल की बैठक जारी है। इसमें जनसंख्या वृद्धि में कथित असमानता पर प्रस्ताव लाया जा रहा है। संघ लगातार बढ़ती मुस्लिम आबादी को लेकर चिंतित है।