राष्ट्रीय जनता जल ( राजद ) के प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को अपने बेटे तेज प्रताप यादव की शादी में शामिल होने के लिए आज तीन दिन की पैरोल दे दी गई। महानिरीक्षक (जेल ) हर्ष मंगला ने बृहस्पतिवार को बताया कि उन्हें तीन दिन की पैरोल दी गई है। पैरोल मिलने के बाद लालू यादव पटना पहुंचे हैं। जहां उनसे मिलने के लिए लोगों का भारी जनसैलाब उमड़ा है।
हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि पैरोल कब से प्रभावी होगी और कहा कि यह जेल के अधिकारियों पर निर्भर होगा कि वह लालू को कब छोड़ेंगे। गौरतलब है कि चारा घोटाला से जुड़े मामलों में लालू फिलहाल जेल की सजा काट रहे हैं।
लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की शादी की तैयारियां पटना में जोर शोर से चल रही है। बुधवार की रात मेंहदी की रस्म का आयोजन किया गया। बता दें कि लालू को पैरोल दिए जाने पर काफी दिनों से अटकलें लग रहीं थी। सुबह खबर आई की उन्हें पैरोल नहीं दी जा रही है लेकिन दोपहर होते होते पता चला कि लालू को तीन दिन के लिए जेल से रिहा कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के शादी समारोह में शामिल होने का हवाला देते हुए लालू ने बीते सोमवार को पुलिस महानिरीक्षक जेल के समक्ष 10 मई से 14 मई तक की पैरोल के लिए आवेदन दिया था। तेज प्रताप यादव और राजद विधायक चंद्रिका राय की बेटी ऐश्वर्या पटना में 12 मई शनिवार को परिणय सूत्र में बंधने वाले हैं।