झारखंड में मांडर के दरजीजाड़ी गांव में एक व्यक्ति को अपनी 12 साल की चचेरी बहन से बलात्कार और हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
औरोपी विजय महतो ने घटना के समय मौजूद पीड़िता की छोटी बहन (आठ साल) को भी कुएं में फेंक कर मार डाला।
मिठाई खिलाने के बहाने से ले गया
जानकारी के मुताबिक विजय ईंट भट्ठा में काम करता था और दो माह बाद गांव लौटा था। दोनों बच्चियों को मिठाई खिलाने के बहाने गांव से आधा किमी दूर ले गया।
रात करीब नौ बजे तब दोनों बच्चियों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। कुछ लोगों ने बताया कि दोनों को अंतिम बार विजय के साथ देखा गया था। इसके बाद परिजनों ने विजय से पूछताछ शुरू की।
पहले तो उसने किसी बात की जानकारी होने से इनकार कर दिया। पर बाद में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। बताया कि उसने दोनों बच्चियों को कुएं में डाल दिया है।
इसके बाद लोग गांव से आधा किमी दूर स्थित कुएं के पास पहुंचे। कुएं के बाहर टॉर्च, दोनों बच्चियों की चप्पल, चूड़ी और फटा हुआ कपड़ा पड़ा था। रात में ही किसी तरह दो घंटे बाद दोनों बच्चियों के शवों को निकाला गया।
आक्रोशित हुए लोग
बड़ी बहन का शव देखकर लोगों को दुष्कर्म का शक हुआ तो लोग आक्रोशित हो गये। लोगों ने विजय की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद उसे रात को ही पुलिस के हवाले कर दिया। बच्चियों के पिता के बयान पर मांडर थाने में विजय महतो के खिलाफ दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज किया गया।