बच्चियों की गुमशुदगी को लेकर विरोध-प्रदर्शन करते परिजन और ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
झारखंड में नाबालिग बच्चों के लापता होने की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। ताजा मामला पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां दो नाबालिग स्कूली छात्राएं संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। जानकारी के अनुसार, दोनों छात्राएं 27 जनवरी को रोज की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटीं।
परिजनों की तलाश, थाने में गुमशुदगी दर्ज
जब छात्राएं देर शाम तक घर नहीं पहुंचीं, तो परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर अमड़ापाड़ा थाना में गुमशुदगी की सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में चिंता का माहौल बन गया।
बरामदगी की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन
छात्राओं के लापता होने से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने उनकी शीघ्र बरामदगी की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया। धरने की सूचना मिलने पर अमड़ापाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
एसडीपीओ ने दिया जांच का भरोसा
घटना की गंभीरता को देखते हुए महेशपुर के एसडीपीओ विजय कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और छात्राओं को जल्द सुरक्षित बरामद करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। पुलिस के इस भरोसे के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
जांच तेज, हर संभावित पहलू की पड़ताल
पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। छात्राओं के संभावित रास्तों, मोबाइल कॉल डिटेल्स और आसपास के इलाकों की गहन छानबीन की जा रही है ताकि जल्द से जल्द कोई सुराग मिल सके।
पढ़ें- Jharkhand: दिल्ली पहुंचे झारखंड कांग्रेस के मंत्री और विधायक, आलाकमान के साथ अहम बैठक; मिला ये बड़ा टास्क
गौरतलब है कि इससे पहले राजधानी रांची के मौसीबाड़ी खटाल इलाके से भी दो नाबालिग बच्चे लापता हुए थे, जिन्हें करीब 12 दिनों बाद पुलिस ने सुरक्षित बरामद किया था। उस मामले में संलिप्त दो आरोपियों समेत गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
अभिभावकों को खाए जा रही चिंता
पाकुड़ में दो नाबालिग छात्राओं के लापता होने की घटना के बाद इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है। अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर रूप से चिंतित हैं।