बीजेपी में शामिल होते झामुमो के नेता राजाराम मरांडी
साहेबगंज जिले में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। बरहेट विधानसभा क्षेत्र के झामुमो के वरिष्ठ नेता राजा राम मरांडी ने अपने सैकड़ों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। बुधवार को बरहेट विधानसभा क्षेत्र के झबरी में आयोजित मिलन समारोह में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
राजा राम मरांडी के साथ बड़ी संख्या में झामुमो समर्थकों और कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने से क्षेत्र की सियासत में नई हलचल पैदा हो गई है। मिलन समारोह में समर्थकों की भारी मौजूदगी रही। इस दौरान भाजपा नेताओं ने पार्टी में शामिल होने वाले सभी लोगों का स्वागत किया और संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा का परिवार लगातार बढ़ रहा है। पार्टी की नीतियों और विचारधारा से प्रभावित होकर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने नए सदस्यों से संगठन की मजबूती और जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय रहने की अपील की।
इस अवसर पर राजमहल के पूर्व विधायक अनंत ओझा, बोरियो के पूर्व विधायक लोबिन हेम्ब्रम, लिट्टीपाड़ा के पूर्व विधायक दिनेश विलियम मरांडी, भाजपा के जिला अध्यक्ष समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।