प्रदर्शन के बीच भाजपा विधायक भी छात्रों के समर्थन में मुख्यमंत्री आवास के सामने धरने पर बैठे। हालांकि, पुलिस ने उन्हें वहां से हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया। जानकारी के मुताबिक, देर रात से ही 5,000 से अधिक छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जुटने लगे थे। सुबह होते ही बड़ी संख्या में छात्र विधानसभा की ओर मार्च करने निकल पड़े।
स्थिति को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने पूरे शहर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। संवेदनशील इलाकों में कंटीले तारों की बैरिकेडिंग की गई है। शहर में BNS की धारा 163 लागू कर दी गई है। विधानसभा मार्ग पर छह स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है और CCTV कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है।
विधानसभा घेराव मार्च में शामिल एक छात्र ने आरोप लगाया कि रांची पहुंचने से पहले कई जगह छात्रों को रोका गया। बसों को रोककर सघन जांच की गई और बाइक सवारों की भी कड़ी तलाशी ली गई, ताकि छात्र प्रदर्शन स्थल तक न पहुंच सकें।