फिल्म 'रामायण' के कथानक और कुछ दृश्यों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म के कथित आपत्तिजनक दृश्यों को हटाने या इसके प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग को लेकर झारखंड उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दाखिल की गई है। याचिकाकर्ता ने भगवान राम की छवि को नुकसान पहुंचाने के एवज में फिल्म की कुल कमाई का 50 प्रतिशत हिस्सा अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को देने की मांग भी की है। साथ ही फिल्म को महर्षि वाल्मीकि की मूल रामायण के अनुरूप प्रदर्शित करने का निर्देश देने की गुहार लगाई गई है।
कैकेयी के वरदान और वनवास के प्रसंग पर भी आपत्ति
संतोष कुमार की ओर से अधिवक्ता संतोष कुमार सोनी ने हाईकोर्ट में यह याचिका दाखिल की है। इसमें आरोप लगाया गया है कि फिल्म में रामायण के कई महत्वपूर्ण प्रसंगों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। इससे लोगों की धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाएं आहत हो सकती हैं।
याचिका में राजा दशरथ से महारानी कैकेयी के दो वरदान मांगने और इसके बाद भगवान राम को 14 वर्ष का वनवास तथा भरत को राजगद्दी दिए जाने वाले प्रसंग पर सवाल उठाए गए हैं। याचिकाकर्ता का आरोप है कि फिल्म में लक्ष्मण का व्यवहार रघुकुल की मर्यादा और परंपरा के विपरीत दिखाया गया है।
राम, सीता और लक्ष्मण को भागते हुए दिखाने पर सवाल
याचिका में भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण को भागते हुए दिखाए जाने पर भी आपत्ति जताई गई है। प्रार्थी का कहना है कि वाल्मीकि रामायण में भगवान राम को कहीं भी भागते हुए नहीं दिखाया गया है। उन्हें हमेशा साहसी योद्धा के रूप में आगे रहकर युद्ध करते हुए दर्शाया गया है। इसके अलावा सोने के हिरण यानी मारीच वाले प्रसंग में माता सीता के मुंह से 'राम' शब्द कहलवाने पर भी सवाल उठाया गया है। याचिकाकर्ता का तर्क है कि भारतीय परंपरा में पत्नी द्वारा पति का नाम लेने का चलन नहीं रहा है।
रावण के चरित्र को अधिक महत्व देने का आरोप
याचिका में फिल्म में रावण के किरदार को भगवान राम की तुलना में अधिक तरजीह देने और उसे मुख्य भूमिका में प्रस्तुत करने पर भी आपत्ति दर्ज कराई गई है। याचिकाकर्ता ने इसे रामायण की मूल कथा और सांस्कृतिक मर्यादा के विपरीत बताया है।
निर्माता, निर्देशक और केंद्र-राज्य सरकार को बनाया पक्षकार
जनहित याचिका में फिल्म के निर्माता, निर्देशक और पटकथा लेखक के अलावा केंद्र सरकार तथा झारखंड सरकार को प्रतिवादी बनाया गया है। याचिकाकर्ता ने अदालत से मांग की है कि फिल्म के सभी विवादित और कथित आपत्तिजनक दृश्यों को हटाए जाने तक इसके प्रदर्शन पर रोक लगाई जाए। इसके साथ ही फिल्म की कुल कमाई का 50 प्रतिशत हिस्सा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को देने का निर्देश देने की भी मांग की गई है।