झारखंड के खूंटी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमुवादाग तालाब के पास पहाड़ा राजा सोमा मुंडा की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने अहम सफलता हासिल की है। इस सनसनीखेज कांड में शामिल दो शूटर और साजिशकर्ता समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले इस हत्याकांड में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी
बुधवार को खूंटी के एसपी मनीष टोप्पो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए उनके निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, तोरपा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। SIT की त्वरित और सटीक कार्रवाई के कारण पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश संभव हो सका।
जमीन विवाद और अवैध कारोबार बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड की जड़ में लंबे समय से चला आ रहा जमीन विवाद और अवैध जमीन कारोबार है। मुख्य साजिशकर्ता दानियल संगा का मृतक सोमा मुंडा के साथ करीब 10 से 12 वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमा मुंडा CNT और गैर-मजरुआ जमीन की अवैध खरीद-बिक्री का लगातार विरोध कर रहे थे, जिससे कई जमीन कारोबारी नाराज थे।
ग्रामसभा के फैसले के बाद गहराया विवाद
दिसंबर 2025 में ग्राम जियारप्पा की 32 एकड़ जमीन पर ग्रामसभा द्वारा कब्जा रोके जाने के बाद विवाद और अधिक गहरा गया। इसके बाद ग्रामसभा द्वारा दोबारा शिलापट्ट लगाने के निर्णय से आक्रोशित जमीन कारोबारियों और आरोपियों ने मिलकर सोमा मुंडा की हत्या की साजिश रची। इसी दौरान क्रिसमस के आसपास दानियल संगा को देशी पिस्टल उपलब्ध कराई गई।
पढ़ें- झारखंड नगर निकाय चुनाव: बिरसा कॉलेज खूंटी में मतदाता जागरूकता रैली, युवाओं को गुलाब के फूल क्यों दिए?
रेकी के बाद तालाब के पास की गई हत्या
पुलिस के अनुसार 7 जनवरी 2026 को सोमा मुंडा की गतिविधियों की रेकी की गई। इसके बाद सुमित दगल सांड और मारकुस संगा ने जमुवादाग तालाब के पास गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।
हथियार और साक्ष्य बरामद
पुलिस ने छापेमारी के दौरान हत्या में प्रयुक्त हथियार, वाहन, मोबाइल फोन और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि इस कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले गिरफ्तार सभी आरोपियों की शहर में परेड कराई गई। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाई जाएगी।