रांची में मंगलवार को पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। विधानसभा थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में राहुल सिंह गिरोह के कुख्यात अपराधी शाहिद के पैर में पुलिस की गोली लगी है। वहीं, उसके एक साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों अपराधियों के पास से दो पिस्टल समेत हथियार बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधिकारियों को सूचना मिली थी कि राहुल सिंह गिरोह का कुख्यात अपराधी शाहिद अपने एक अन्य साथी के साथ लूटी हुई बाइक पर सवार होकर विधानसभा क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम सक्रिय हुई और संदिग्ध अपराधियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने दोनों अपराधियों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, रुकने के बजाय अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई फायरिंग के दौरान शाहिद के पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, उसके दूसरे साथी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।