रांची में पुलिस-अपराधी मुठभेड़
- फोटो : Amar Ujala
झारखंड की राजधानी रांची में पूर्व पार्षद और जमीन कारोबारी से जुड़े हत्याकांड मामले में पुलिस को अहम कामयाबी मिली है। बुधवार को पंडरा ओपी क्षेत्र के कांके डैम के पास पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें मुख्य आरोपी सत्यम पाठक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान एक पुलिस जवान भी जख्मी हुआ है।
हथियार बरामदगी के दौरान हुई मुठभेड़
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी सत्यम पाठक को हथियार बरामद करने के लिए कांके डैम इलाके में ले जाया गया था। इसी बीच उसने अचानक एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और फायरिंग करते हुए मौके से भागने का प्रयास किया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि उसके हाथ में भी गंभीर चोट आई। घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
जमीन कारोबारी हत्याकांड से जुड़ा मुख्य आरोपी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सत्यम पाठक पंडरा इलाके में जमीन कारोबारी भार्गव सिंह की हत्या का मुख्य शूटर है। मंगलवार को ओटीसी मैदान के पास अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
ये भी पढ़ें-
महिला आरक्षण पर कांग्रेस का हमला, बोली- सरकार ने शर्तें जोड़कर लागू करने में की देरी
पूर्व पार्षद हत्याकांड में भी सामने आया नाम
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी का नाम धुर्वा थाना क्षेत्र में 7 जुलाई 2024 को हुए पूर्व पार्षद वेद प्रकाश सिंह हत्याकांड में भी सामने आया था। इस वजह से पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने बताया कि आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके बाद मजबूरन जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। फिलहाल पुलिस पूरे आपराधिक नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। इस मामले में विजय टेटे को मास्टरमाइंड बताया जा रहा है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।