झारखंड में ठंड का असर अब तेजी से बढ़ने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का पूर्वानुमान जताया है। इससे सुबह और रात के समय ठिठुरन के साथ कनकनी बढ़ेगी। राजधानी रांची समेत कई जिलों में तापमान पहले से ही गिरने लगा है। पिछले 24 घंटे में रांची के न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। हालांकि, दिन में आसमान साफ रहने और धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिलती रहेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इसके बाद अगले दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है। वहीं, आगामी पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान लगभग स्थिर रह सकता है।
रांची में 26 से 28 नवंबर तक अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 29 नवंबर को अधिकतम तापमान 23 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि 30 नवंबर को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री रहने की संभावना है।
बालूमाथ में सबसे ज्यादा ठंड, 8 डिग्री तक रहेगा तापमान
राज्य के ठंडे इलाकों में लातेहार जिले का बालूमाथ शामिल है। यहां न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 26 से 28 नवंबर तक यहां न्यूनतम तापमान आठ डिग्री और इसके बाद नौ डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
रामगढ़ में भी न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहने के कारण सुबह और रात में ठंड का असर अधिक महसूस होगा। दूसरी ओर, धनबाद में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने से दिन में अपेक्षाकृत गर्माहट बनी रह सकती है।
रांची, पलामू, बोकारो समेत कई जिलों में कोहरे का असर
तापमान में गिरावट के साथ राज्य के कई हिस्सों में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा और कुहासा छाए रहने की संभावना है। रांची, पलामू, बोकारो, हजारीबाग और रामगढ़ में सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है। खुले और ग्रामीण इलाकों में धुंध का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।
गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, खूंटी, लोहरदगा और धनबाद समेत अधिकांश जिलों में दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने की संभावना है। इससे दोपहर में ठंड का असर कुछ कम रहेगा।
बारिश के आसार नहीं, एक दिसंबर तक कोई अलर्ट नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है। एक दिसंबर तक प्रदेश के किसी भी हिस्से के लिए कोई विशेष मौसमी चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
बढ़ती ठंड और सुबह के कोहरे को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने चाहिए। वहीं, कोहरे के दौरान दोपहिया और अन्य वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने तथा फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।