फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जेपीएससी परीक्षा में एआई से धांधली: गुप्त ठिकाने पर लिखी गईं अभ्यर्थियों की कॉपियां, जानें कितने में हुआ सौदा

Fri, 27 Nov 2026 07:56 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

JPSC की फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर मुख्य परीक्षा में धांधली की जांच में CID को पता चला है कि करीब 12 अभ्यर्थियों को परीक्षा के बाद रातू रोड के एक बंद मकान में ले जाकर AI और किताबों की मदद से उत्तरपुस्तिकाएं लिखवाई गईं।
विज्ञापन
झारखंड लोक सेवा आयोग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर (FRO) मुख्य परीक्षा में धांधली की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (CID) को कई अहम सुराग मिले हैं। जांच में सामने आया है कि परीक्षा के बाद करीब 12 अभ्यर्थियों को रांची के रातू रोड स्थित एक बंद मकान में ले जाया गया था। वहां पूरी रात किताबों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से उनकी उत्तरपुस्तिकाओं में जवाब लिखवाए गए। इस मामले में गिरफ्तार अभ्यर्थी पंकज प्रसून ने अपने बयान में पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। उसने चयन कराने के नाम पर पांच लाख रुपये नकद देने की बात भी स्वीकार की है।

परीक्षा खत्म होते ही अभ्यर्थियों को पहुंचाया गया गुप्त ठिकाने पर

CID की जांच के अनुसार, 11 फरवरी को FRO मुख्य परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को रातू रोड स्थित एक पार्क के पास बने मकान में ले जाया गया। वहां एक कमरे में पंकज प्रसून, ऋतिक रोशन समेत करीब 12 अभ्यर्थियों को एकत्र किया गया था।

विज्ञापन

कमरे में किताबों का ढेर लगा था। सभी अभ्यर्थियों के मोबाइल फोन बंद करवा दिए गए और उन्हें लैपटॉप दिए गए। इसके बाद उन्हें मुख्य परीक्षा की मूल उत्तरपुस्तिकाएं सौंपी गईं। हालांकि, इन उत्तरपुस्तिकाओं के पहले पन्ने गायब थे। इसी पन्ने पर अभ्यर्थी का नाम, रोल नंबर और अन्य विवरण दर्ज होता है।
जांच में पता चला कि अभ्यर्थियों से सामान्य अध्ययन और दोनों वैकल्पिक प्रश्नपत्रों के उत्तर किताबों तथा AI की मदद से पूरी रात लिखवाए गए। इस तरह परीक्षा के बाद गुप्त ठिकाने पर उत्तरपुस्तिकाएं तैयार करने का पूरा इंतजाम किया गया था।

मोबाइल 20 घंटे बंद, डिलीट चैट से खुला सिंडिकेट का राज

जांच एजेंसी के मुताबिक, पंकज प्रसून ने सरकारी अधिकारी बनने के लिए अनुचित रास्ता अपनाया था। वह अपने चचेरे भाई संजीत कुमार के माध्यम से परीक्षा धांधली के सिंडिकेट से जुड़ा था। संजीत ने उसे भरोसा दिलाया था कि रवि मास्टर उर्फ रवि शंकर कुमार और धर्मेंद्र कुमार का नेटवर्क उसे परीक्षा में सफल करा देगा।

विज्ञापन

CID ने पंकज के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की। इसमें सामने आया कि मुख्य परीक्षा के दिन 11 फरवरी को पंकज का मोबाइल शाम 3:58 बजे बंद हुआ था। अगले दिन 12 फरवरी को शाम 5:32 बजे फोन दोबारा चालू हुआ। यानी करीब 20 घंटे तक उसका मोबाइल बंद रहा।
इस दौरान पंकज, संजीत और रवि मास्टर के बीच लगातार बातचीत हुई थी। जांच एजेंसी ने पंकज के मोबाइल से हटाए गए व्हाट्सएप चैट और संजीत की ओर से दी गई 'मास्टर लिस्ट' भी बरामद की है। CID इन साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

JSSC CGL परीक्षा धांधली जैसा ही सामने आया पैटर्न

इस मामले में CID को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की CGL-2023 परीक्षा में हुई धांधली जैसा पैटर्न भी मिला है। सितंबर 2024 में आयोजित परीक्षा से पहले पटना के एक फ्लैट में 25 से 30 अभ्यर्थियों को इकट्ठा किया गया था। वहां तीन सेट में प्रश्नों के उत्तर तैयार कराकर अभ्यर्थियों को रटवाए गए थे। सबूत मिटाने के लिए वहां मौजूद कागजात भी जला दिए गए थे।
उस मामले में CID ने स्वास्थ्य विभाग में नियुक्त मुख्य बिचौलिये अजय कुमार के खिलाफ अदालत में 5200 पन्नों की पूरक चार्जशीट दाखिल की थी।

अब पैसों के लेनदेन और डिजिटल साक्ष्यों की जांच

JPSC की FRO मुख्य परीक्षा में कथित धांधली के मामले में CID अब डिजिटल साक्ष्यों के साथ-साथ वित्तीय लेनदेन की भी गहन जांच कर रही है। पांच लाख रुपये देने की बात सामने आने के बाद जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल था और अभ्यर्थियों को चयन का भरोसा किस आधार पर दिया गया था।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें