बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान का असर झारखंड के मौसम पर भी दिखाई देने लगेगा। राज्य में 19 से 22 नवंबर तक बारिश होने की संभावना है। वहीं, 20 और 21 नवंबर को दक्षिणी झारखंड के चार जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर कोल्हान और आसपास के इलाकों में देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा अवदाब उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके 17 नवंबर की शाम तक प्रचंड से अति प्रचंड चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। तूफान के 20 नवंबर की दोपहर तक आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और तूनी के बीच तट से टकराने का अनुमान है। इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। हालांकि, तूफान का सीधा असर झारखंड पर नहीं पड़ेगा, लेकिन इसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
17 नवंबर तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 18 नवंबर तक झारखंड में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। सुबह के समय कुछ इलाकों में कोहरा या धुंध रहने की भी संभावना है। इसके बाद 19 नवंबर से मौसम में बदलाव शुरू होगा और कई जिलों में बारिश हो सकती है।
इन चार जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट
19 नवंबर को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। 20 नवंबर को इन चारों दक्षिणी जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं, 21 नवंबर को मध्य झारखंड और उससे सटे पश्चिमी इलाकों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 22 नवंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। इस तरह 19 से 22 नवंबर तक राज्य के अलग-अलग इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
रांची में 3 से 4 डिग्री तक गिर सकता है न्यूनतम तापमान
बारिश की संभावना के बीच झारखंड में सुबह और रात के समय ठंड का असर भी बढ़ने लगा है। राजधानी रांची में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे रात का तापमान 12 से 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
फिलहाल राज्य में चाईबासा में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, खूंटी में सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को आने वाले दिनों में मौसम में होने वाले बदलाव को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।