झारखंड में गुरुवार को भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। राज्य के उत्तरी हिस्सों में तेज धूप और लू जैसे हालात से लोग परेशान रहे। मौसम विभाग के अनुसार पलामू, गढ़वा और चतरा में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। डाल्टेनगंज राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा।
कई जिलों में 40 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
धनबाद, बोकारो, देवघर और गिरिडीह में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। वहीं राजधानी रांची और खूंटी में भी उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल रहे। रांची में दिन के दौरान बीच-बीच में बादल छाए रहने से धूप से थोड़ी राहत मिली, लेकिन उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में भी तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
गर्मी और लू से जनजीवन प्रभावित
तेज धूप और बढ़ती गर्मी के कारण लोगों को घरों से बाहर निकलने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने लोगों को अधिक पानी पीने, धूप से बचने और अत्यधिक जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है।
कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना
हालांकि राज्य के कुछ हिस्सों में मौसम राहत भरा रहने की संभावना जताई गई है। विभाग के मुताबिक पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में गुरुवार को बारिश की संभावना नहीं है, जबकि चतरा, कोडरमा, रांची, बोकारो, धनबाद और जमशेदपुर में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
शुक्रवार से मौसम बदलने के संकेत
मौसम विभाग ने शुक्रवार से मौसम में बदलाव के संकेत दिए हैं। पलामू और गढ़वा को छोड़कर राज्य के अधिकांश जिलों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। विभाग ने आंधी-तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
धूलभरी आंधी और वज्रपात का अलर्ट
रांची, जमशेदपुर, धनबाद समेत कई जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है। इसके साथ ही बिजली चमकने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
ये भी पढ़ें:
भाई दुर्गा सोरेन की पुण्यतिथि पर भावुक हुए सीएम हेमन्त सोरेन, बोले- इनकी बदौलत मिला अलग झारखंड
डाल्टेनगंज में बरकरार है गर्मी का प्रकोप
हाल में हुई बारिश के बावजूद डाल्टेनगंज में गर्मी का प्रकोप बरकरार है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य में मौसम का मिजाज बदलता रहेगा।